Siddharthnagar News: सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के छह छात्रों ने UGC-NET में हासिल की सफलता
Sandesh Wahak Digital Desk: अक्सर विकास की मुख्यधारा से पीछे रह जाने वाले सिद्धार्थनगर जैसे आकांक्षी जिलों से जब राष्ट्रीय स्तर पर कोई बड़ी कामयाबी सामने आती है, तो वह न सिर्फ उम्मीद जगाती है, बल्कि क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने की दिशा में भी मजबूत कदम होती है।
ऐसी ही एक मिसाल पेश की है सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु के छात्रों ने। विश्वविद्यालय के छह होनहार विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (UGC-NET) में सफलता हासिल कर जिले और संस्थान दोनों का नाम रौशन किया है।

ये छात्र हुए चयनित
- प्राची जायसवाल, पंकज शर्मा और प्रद्युम्न कुमार दुबे – एमबीए विभाग
- आनंद कुमार पासवान – संस्कृत विभाग
- पूजा गुप्ता – समाजशास्त्र विभाग
- शिवान कसौधन – हिंदी विभाग
इन छात्रों ने न केवल NET क्वालिफाई किया, बल्कि अपने अनुभव साझा करते हुए विश्वविद्यालय और शिक्षकों के मार्गदर्शन को अपनी सफलता का मूल कारण बताया।
छात्रों की जुबानी सफलता की कहानी
प्राची जायसवाल ने कहा कि उन्होंने अपने रिसर्च करियर के सपनों को इसी विश्वविद्यालय में आकार दिया। पंकज शर्मा ने बताया कि यहां के शिक्षकों ने उन्हें खुद को पहचानने और क्षमताओं को परखने का अवसर दिया। वहीं प्रद्युम्न दुबे ने विभागाध्यक्ष और शिक्षकों के मार्गदर्शन को धन्यवाद दिया, जिन्होंने उन्हें हर कदम पर सहयोग दिया।
संस्कृत विभाग के आनंद कुमार पासवान ने बताया कि उन्हें विभागीय शिक्षकों से हर स्तर पर सहयोग मिला, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा। पूजा गुप्ता ने समाजशास्त्र में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सफलता को विभाग की मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम बताया। हिंदी विभाग के शिवान कसौधन ने कहा कि उनकी सफलता विश्वविद्यालय के अकादमिक माहौल और संवादात्मक शिक्षण का नतीजा है।

कुलपति ने दी बधाई, जताया गर्व
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कविता शाह ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि एक आकांक्षी जिले में स्थित होने के बावजूद, विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सपनों को उड़ान देने में लगातार अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए विश्वविद्यालय में करियर परामर्श प्रकोष्ठ (Career Counseling Cell) भी स्थापित किया गया है।
विश्वविद्यालय का विज़न
प्रो. शाह ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में विश्वविद्यालय और बेहतर परिणाम देगा और पूरे पूर्वांचल में एक शैक्षणिक मॉडल के रूप में उभरेगा। उन्होंने कहा हमारा लक्ष्य सिर्फ डिग्री देना नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर और समाज के लिए उपयोगी नागरिक बनाना है।
अन्य शिक्षकों की प्रतिक्रियाएं
वाणिज्य संकाय के डीन एवं IQAC निदेशक प्रो. सौरभ ने भी सफल छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि बताती है कि जब मार्गदर्शन और प्रयास साथ हों, तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं। वहीं कला संकाय की डीन और छात्र कल्याण प्रभारी प्रो. नीता यादव ने कहा कि छात्रों की ये उपलब्धि न सिर्फ विश्वविद्यालय, बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने कहा अब सिद्धार्थनगर के छात्र भी राष्ट्रीय फलक पर अपनी जगह बना सकते हैं।
Also Read: Varanasi News: UP STF ने अवैध हथियार फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, असलहे और उपकरण बरामद

