Siddharthnagar News: दीवार काटकर घर में घुसे चोर, दिया लाखों की चोरी को अंजाम

Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद सिद्धार्थनगर के चिल्हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत महादेवा गांव में बीते दो दिन पहले हुई एक भीषण चोरी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। 14 अगस्त 2025 की रात, रिश्तेदारी में गए हुए नितेश श्रीनेत्र के सूने घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने घर के दरवाजे का ताला तोड़कर और पीछे की दीवार में सेंध लगाकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

चोरों ने घर के भीतर से लगभग ₹4 लाख के सोने-चांदी के आभूषणों के साथ-साथ बेसमेंट में रखा करीब तीन कुंतल गेहूं भी चुरा लिया। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरों ने एक कमरे का ताला तोड़कर आभूषण समेटे और दूसरे कमरे का ताला तोड़ने की असफल कोशिश भी की।

गश्त पर उठे सवाल, पुलिस ने दिया जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन

इस घटना की जानकारी 14 अगस्त की सुबह नितेश श्रीनेत्र को उनके पड़ोसी ने फोन पर दी, जिसके बाद 112 नंबर की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। घर लौटने पर पीड़ित परिवार घर के भीतर का दृश्य देखकर दंग रह गया। पीड़ित नितेश श्रीनेत्र ने चिल्हिया थाने में तहरीर देकर जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि गांव में नियमित रूप से पुलिस गश्त होती तो यह घटना नहीं होती, खासकर जब उनका घर सीधे हाईवे के पास स्थित है।

इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने कहा कि मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: बदायूं में पुलिस मुठभेड़, दरोगा की मां का हत्यारा हिस्ट्रीशीटर धीरेंद्र गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.