Siddharthnagar News: महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने सिद्धार्थनगर जेल का किया निरीक्षण

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी ने जिला कारागार सिद्धार्थनगर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जेल में बंद महिला कैदियों की हालत, उपलब्ध सुविधाएं और उनके बच्चों की देखभाल की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक सचिन वर्मा, जेलर रामसिंह यादव, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अरुणा मिश्रा, जिला प्रोबेशन अधिकारी और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

चारू चौधरी ने महिला बंदियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही। उन्होंने विशेष रूप से महिला बैरकों की साफ-सफाई, सुरक्षा, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं, योग अभ्यास, कानूनी मदद और पुनर्वास कार्यक्रमों की स्थिति का जायज़ा लिया।

उपाध्यक्ष चौधरी ने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि महिला कैदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जेल में ही सिलाई, कढ़ाई, हस्तशिल्प, योग और अन्य कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों में शामिल किया जाए। इससे वे सजा पूरी करने के बाद समाज में सम्मानजनक जीवन जी सकेंगी।

महिला के साथ अन्याय, उत्पीड़न या भेदभाव बर्दाश्त नहीं

उन्होंने कहा कि “महिला आयोग का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करना है, चाहे वे जेल में हों या बाहर। किसी महिला के साथ अन्याय, उत्पीड़न या भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिला बंदियों को भी सम्मान और न्याय के साथ जीने का पूरा अधिकार है।”

जेल प्रशासन के मुताबिक, इस समय कारागार में कुल 34 महिला बंदी हैं, जिनके साथ 3 छोटे बच्चे भी रह रहे हैं। चारू चौधरी ने इन बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य की व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने को कहा। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जेल में आंगनबाड़ी केंद्र या समान सुविधा बच्चों को मिले ताकि उनका समुचित विकास हो सके।

इस मौके पर जेल में मौजूद अधिकारियों ने उपाध्यक्ष महोदया को जेल में महिलाओं और बच्चों के लिए उपलब्ध संसाधनों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। चारू चौधरी ने प्रशासन के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में और भी बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।

रिपोर्ट- जाकिर खान

 

Also Read: कलेक्ट्रेट परिसर में बनी नई लाइब्रेरी, विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी: राज्यसभा सांसद बृजलाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.