सिद्धार्थनगर: सांसद जगदंबिका पाल के जन्मदिन पर सेवा का संकल्प, ऊर्जा मंत्री ने 4000 गरीबों को बांटे कंबल

सिद्धार्थनगर (तुलसियापुर): डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल के जन्मदिवस को ‘अभिनंदन समारोह’ और सेवा पर्व के रूप में मनाया गया। शुक्रवार को आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर जनसेवा की मिसाल पेश करते हुए क्षेत्र के लगभग 4000 गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को कंबलों का वितरण किया गया।

दिल्ली से लखनऊ तक सुनी जाती है जगदंबिका पाल की बात- ए.के. शर्मा

ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सांसद पाल को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके व्यक्तित्व की प्रशंसा की। उन्होंने कहा सिद्धार्थनगर में नगर विकास विभाग द्वारा 2000 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य कराए गए हैं, जिनमें से आधे से अधिक कार्य सांसद पाल की अनुशंसा पर हुए हैं। मंत्री ने कहा कि नए साल और जन्मदिन पर पर्यटन स्थलों पर जाने के बजाय जनता के बीच रहकर उत्सव मनाना पाल जी के जनसेवक होने का सबसे बड़ा प्रमाण है। सांसद के प्रयासों से जिले के अनेक मजरों और गांवों में बिजली पहुँचने से ग्रामीण जीवन में क्रांतिकारी बदलाव आया है।

भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था- जगदंबिका पाल

सांसद जगदंबिका पाल ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति का जिक्र किया। उन्होंने कहा 2014 में भारत 11वीं अर्थव्यवस्था था, लेकिन आज हम दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके लिए राजनीति सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और कर्तव्य का मार्ग है।

तुलसियापुर में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष साधना चौधरी, चेयरमैन गोविंद माधव, जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कड़ाके की ठंड में कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर खुशी नजर आई।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: सिद्धार्थनगर: पर्यावरण संरक्षण पर NGT सख्त, जस्टिस डॉ. अफरोज अहमद ने की STP निर्माण की समीक्षा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.