Siddharthnagar News: नए साल के जश्न पर पुलिस का कड़ा पहरा, चप्पे-चप्पे पर रहेगी ड्रोन और CCTV की नज़र

Siddharthnagar News: नए साल-2026 के स्वागत की तैयारियों के बीच सिद्धार्थनगर पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का पुख्ता खाका तैयार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. अभिषेक महाजन ने स्पष्ट कर दिया है कि जश्न के नाम पर किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए पूरे जनपद को जोन और सेक्टर में बांटकर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

ड्रंक एंड ड्राइव पर ब्रेथ एनेलाइजर का शिकंजा

एसपी ने यातायात और थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर पैनी नज़र रखी जाए। होटलों, क्लबों और सार्वजनिक स्थलों के निकास द्वारों पर ब्रेथ एनेलाइजर के साथ चेकिंग होगी। अगर कोई नशे में गाड़ी चलाता मिला, तो नए साल की शुरुआत जेल की हवा खाकर हो सकती है।

भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील जगहों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। शहर के प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह एक्टिव कर दिया गया है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर साइबर सेल ‘राउंड द क्लॉक’ नजर रख रही है।

31 दिसंबर से शुरू होगा फ्लैग मार्च

31 दिसंबर की शाम से ही सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकालेंगे। इसका उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करना और शरारती तत्वों को कड़ा संदेश देना है।

31 दिसंबर से 2 जनवरी तक धार्मिक स्थलों के आसपास ‘पोस्टर चेकिंग पार्टी’ सघन जांच करेगी ताकि कोई असामाजिक तत्व माहौल न बिगाड़ सके। महिलाओं की सुरक्षा के लिए यूपी-112 की गाड़ियों को महत्वपूर्ण चौराहों और मार्गों पर तैनात किया गया है। प्रमुख चौराहों पर जाम न लगे, इसके लिए यातायात पुलिस ने विशेष डायवर्जन प्लान तैयार किया है।

इमरजेंसी के लिए फायर टेंडर तैनात

सुरक्षा के मद्देनजर हर सर्किल के थानों पर एक-एक फायर टेंडर (दमकल गाड़ी) को स्टाफ के साथ अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या आगजनी की स्थिति में तुरंत निपटा जा सके। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से नए साल का स्वागत करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: Siddharthnagar News: महिला थाने ने 7 बिछड़ते जोड़ों को मिलाया, मनमुटाव दूर कर एक साथ किया विदा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.