सिद्धार्थनगर: विवाहिता की संदिग्ध मौत पर इटवा थाने में हंगामा, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के जनपद सिद्धार्थनगर के इटवा थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मंगलवार को थाने पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मृतका के मायके वाले एंबुलेंस में शव लेकर थाने पहुंच गए और जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। मायके पक्ष ने मृतका के पति व ससुरालियों पर दहेज प्रताड़ना और गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप
मृतका की पहचान थाना सोनहा क्षेत्र के सोनहा गांव निवासी लक्ष्मी (25) के रूप में हुई है। लक्ष्मी का विवाह चार वर्ष पहले सिरसिया गांव निवासी युवक से हुआ था। उनकी तीन वर्ष की एक मासूम बेटी भी है।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लक्ष्मी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका दावा है कि रविवार को उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई, और उन्हें मौत की सूचना मिलने पर मौके पर परिस्थितियाँ संदिग्ध मिलीं। मायके पक्ष इसे सामान्य मौत नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला बता रहा है।
तीन दिन बाद भी कार्रवाई न होने पर रोड जाम की धमकी
मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित परिवार और बड़ी संख्या में लोग थाने में जमा हो गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। देर शाम तक परिजन रोड जाम कर मुकदमा लिखने की बात पर डटे हुए थे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
रिपोर्ट: जाकिर खान

