सिद्धार्थनगर: स्कूल में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने तीन शातिरों को दबोचा

Sandesh Wahak Digital Desk: शिक्षा के मंदिरों को निशाना बनाने वाले शातिर चोरों के खिलाफ सिद्धार्थनगर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। जिले के थाना कठेला समयमाता पुलिस ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, धोबहा में हुई चोरी की घटना का चंद दिनों के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

अंधेरे का फायदा उठाकर की थी चोरी

मामला 18-19 जनवरी की दरमियानी रात का है, जब अज्ञात चोरों ने धोबहा स्थित स्कूल का ताला तोड़कर वहां लगा वाटर कूलर और अन्य कीमती सामान पार कर दिया था। स्कूल जैसी सार्वजनिक जगह पर चोरी की इस घटना ने पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।

घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी

एसपी डॉ. अभिषेक महाजन के सख्त निर्देशों के बाद थानाध्यक्ष अभय सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम गाजीपुर मोड़ के पास जाल बिछाया और घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को रोक लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर स्कूल से चोरी किया गया वाटर कूलर भी बरामद कर लिया है।

कौन हैं पकड़े गए चोर?

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में मो. इसराइल (निवासी धोबहा टोला पीपरी), इबारत अली उर्फ पट्टू (निवासी बरमपुर) और राजा पासवान उर्फ पेप्सी (निवासी धोबहा टोला पीपरी) शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में से इबारत अली उर्फ पट्टू का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है।

थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि पकड़े गए तीनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने साफ किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: UP STF का चंदौली में एक्शन, 50 हजार का इनामी गैंगस्टर मोहम्मद सावेज गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.