Siddharthnagar News: शराब दुकान के मुनीम की फंदे पर लटकी मिली लाश, परिवार में मचा कोहराम
Siddharthnagar News: जिले के नगर पंचायत बढ़नी चाफा बरघाट स्थित एक कंपोजिट मदिरा एवं बियर की दुकान पर कार्यरत मुनीम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मुनीराम (निवासी जुडवनिया, थाना भवानीगंज) के रूप में हुई है।
होली पर्व के चलते दुकान बंद थी। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक मुनीराम से संपर्क नहीं हो पाया, तो दुकान मालिक को आशंका हुई। मौके पर पहुंचकर जैसे ही शटर का ताला तोड़ा गया, अंदर का दृश्य देख सभी के होश उड़ गए। मुनीराम का शव सीलिंग फैन से फंदे के सहारे लटक रहा था।
सूचना मिलते ही थाना भवानीगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ का कहना है कि यह आत्महत्या हो सकती है, तो कुछ इसे संदिग्ध बता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।
रिपोर्ट- जाकिर खान

