सिद्धार्थनगर: एक ही छत के नीचे गूंजी शहनाई, निकाह और मंत्रों की आवाज, 267 जोड़ों ने शुरू की नई जिंदगी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में शनिवार का दिन सैकड़ों परिवारों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पास बने भव्य पंडाल में 267 जोड़ों का विवाह पूरी भव्यता और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में सर्वधर्म समभाव की अनूठी मिसाल देखने को मिली।

मजहब अलग पर खुशियां एक: हिंदू, मुस्लिम और बौद्ध रीतियों से हुआ विवाह
इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम की सबसे खूबसूरत बात इसका समावेशी स्वरूप रहा।
195 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाजों के साथ पंडितों ने मंत्रोच्चार के बीच कराया।
17 जोड़ों का निकाह मौलानाओं द्वारा पूरी अकीदत के साथ पढ़ाया गया।
55 जोड़ों ने बौद्ध धर्म की परंपराओं के अनुसार एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया।

सांसद जगदंबिका पाल का बड़ा तोहफा
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद जगदंबिका पाल ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि विवाह के बाद परिवार चलाने के लिए रोजगार सबसे जरूरी है, इसलिए जिला प्रशासन के माध्यम से इन युवाओं को नौकरी और प्लेसमेंट दिलाया जाएगा। जो युवा अपना काम शुरू करना चाहते हैं, उन्हें ‘काला नमक चावल’ उद्योग या कंप्यूटर क्षेत्र में स्वरोजगार के लिए ऋण (Loan) भी उपलब्ध कराया जाएगा।
सांसद ने बताया कि अब तक जनपद सिद्धार्थनगर में कुल 6,060 जोड़ों की शादी इस योजना के जरिए कराई जा चुकी है।
बजट में बढ़ोत्तरी: अब खाते में सीधे ₹60,000
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने बताया कि सरकार ने अब सहायता राशि में इजाफा किया है।
प्रत्येक वधू के बैंक खाते में DAB (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से ₹60,000 भेजे जा रहे हैं।
इसके अलावा ₹25,000 का घरेलू सामान उपहार स्वरूप दिया गया।
बारात के स्वागत और सत्कार पर प्रति जोड़ा ₹15,000 खर्च किए गए।

उपहारों की लगी झड़ी: कपड़ों से लेकर ड्राई फ्रूट्स तक
नवदंपतियों को गृहस्थी बसाने के लिए भरपूर सामान दिया गया। उपहारों में साड़ियां, पैंट-शर्ट के कपड़े, चांदी की पायल, बिछिया, डिनर सेट, 5 लीटर का कुकर, ट्रॉली बैग, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, प्रेस, गद्दे, कंबल और वैनिटी किट शामिल थे। सेहत का ख्याल रखते हुए जोड़ों को 5 किलो लड्डू के साथ बादाम, अखरोट, मखाना और किशमिश जैसे ड्राई फ्रूट्स के पैकेट भी दिए गए।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में विधायक श्यामधनी राही, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, सीडीओ, अपर जिलाधिकारी और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि मुख्यमंत्री जी की यह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जिससे अब पिता को बेटी की शादी के लिए कर्ज लेने की जरूरत नहीं पड़ती।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: महाशिवरात्रि से पहले लखनऊ की सड़कों पर पुलिस का फ्लैग मार्च, CM योगी ने दी सख्त चेतावनी

