Siddharthnagar News: संविधान को नमन कर सपा नेताओं ने कहा- SIR के बहाने वोट काटने की बड़ी साजिश
Siddharthnagar News: समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर रविवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इसके साथ ही, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) अभियान की एक महत्वपूर्ण और भव्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्प और श्रद्धा सुमन अर्पित करके हुई।

सत्ता और केंद्र सरकार पर तीखे आरोप
इस समीक्षा बैठक का मार्गदर्शन विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने किया, जबकि अध्यक्षता पूर्व विधायक और सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने की। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने ‘SIR’ अभियान को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह जनता को परेशान करने वाली सरकार की सोची-समझी चाल है।
पाण्डेय ने आरोप लगाया कि बिना मैपिंग, बिना प्रशिक्षण और अग्रिम सूचना के यह अभियान शुरू कर दिया गया, जिसका परिणाम सबके सामने है। अकारण प्रदेश और देश के लगभग 22 से 25 BLO (बूथ लेवल अधिकारी) की मौत हो गई, जिसकी सारी जिम्मेदारी सूबे और केंद्र सरकार की है।

उन्होंने सरकार की मंशा पर संदेह जताते हुए कहा कि BLO अपनी आईडी और पासवर्ड से जानबूझकर मतदाताओं को सूची के प्रथम और द्वितीय श्रेणी में न फीड करके तीसरी श्रेणी में फीड कर रहे हैं। उन्होंने इसे जघन्य अपराध बताते हुए कहा कि ऐसा होने पर 2003 की सूची में नाम होने के बावजूद मतदाताओं के नाम अपने आप सूची से गायब हो जाएंगे।

पाण्डेय ने चेताया कि 11 दिसंबर के बाद ऐसे मतदाताओं को सरकारी नोटिस जाएगा। अगर वे समय पर प्रमाण नहीं दे पाए, तो उनका नाम कट जाएगा। उन्होंने कहा, यह सरकारों की नापाक चाल है, जिससे साफ जाहिर है कि भाजपा द्वारा मतदाता का नाम उड़ाने की बहुत बड़ी साजिश है SIR अभियान।

जनपद सिद्धार्थनगर के प्रभारी और सपा के राष्ट्रीय सदस्य डॉ. कृष्ण भान सिंह सैंथवार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह SIR केंद्र, प्रदेश सरकार और चुनाव आयोग द्वारा थोपा गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मेहनत से काम करने का आह्वान किया।
सैंथवार ने गर्व से कहा, समाजवादी घबराने वाली पार्टी नहीं है। भाजपा को पता नहीं है कि यह यूपी है, यह बिहार नहीं। समाजवादी पार्टी देश की तीसरी राष्ट्रीय पार्टी है। यहाँ पीडीए (PDA) भाजपा की चाल को नाकाम करेगी। उन्होंने संकल्प लिया कि 2027 में अखिलेश यादव की अगुवाई में उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी और साइकिल दौड़ेगी।

इस अवसर पर पथरकट्ट प्रजाति के नेता प्रदीप पथरकट्ट ने कहा कि वर्तमान सरकार हमारी अधिकारों को वंचित करने का इरादा रखती है, लेकिन समाजवादी के प्रहरी लगे हुए हैं, और गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा, आने वाले चुनाव में भाजपा को औकात पता चल जाएगा। बैठक में पूर्व विधायक विजय पासवान, पूर्व चेयरमैन मोहम्मद इदरीश पटवारी, सपा जिला महासचिव कमरुज्जमा खान, रामकृपाल मौर्य सहित सपा के तमाम नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: सीएम योगी ने सशस्त्र सेना झण्डा दिवस पर फ्लैग पिन और स्मारिका का किया विमोचन

