सिद्धार्थनगर: राम जानकी मंदिर में गूंजा सुंदरकांड, विधायक श्यामधनी राही ने की साधु-संतों की सेवा

सिद्धार्थनगर। अयोध्या धाम में प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को आज दो साल पूरे हो गए हैं। इस ऐतिहासिक और पावन अवसर का जश्न जिला मुख्यालय के पास स्थित ग्राम धौरीकुइयां में भी बड़ी श्रद्धा के साथ मनाया गया। यहां के श्री राम जानकी मंदिर परिसर में भक्ति, सेवा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।

गुरुवार को सदर विधायक श्यामधनी राही की मौजूदगी में मंदिर परिसर सुंदरकांड के पाठ से सराबोर रहा। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूरी आस्था के साथ प्रभु श्री राम की आराधना की। मंदिर प्रांगण ‘जय श्री राम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से गूँज उठा। प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखा गया।

साधु-संतों का सम्मान और कम्बल वितरण

भक्ति के साथ-साथ सेवा के संकल्प को दोहराते हुए विधायक श्यामधनी राही ने कार्यक्रम में पधारे साधु-संतों का आशीर्वाद लिया और कड़ाके की ठंड को देखते हुए उन्हें कम्बल भेंट किए। विधायक ने कहा कि यह दिन सनातन स्वाभिमान की पुनर्स्थापना का गौरवशाली दिन है, जो युगों-युगों तक मानवता को सत्य और धर्म की प्रेरणा देता रहेगा।

भव्य भंडारे में उमड़ा जनसैलाब

पूजा-पाठ के बाद मंदिर परिसर में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि सत्य प्रकाश राही, महंत शिव प्रसाद त्यागी सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में रामभक्त मौजूद रहे।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: UP News: बुलंदशहर में मुठभेड़ के बाद 25-25 हजारी बदमाश गिरफ्तार, देवरिया में 12 चोरी की बाइकें बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.