सिद्धार्थनगर: मिलावटखोरों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, इटवा बाजार में भारी मात्रा में नमकीन और पपड़ी सीज
Sandesh Wahak Digital Desk: होली के त्योहार पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए सिद्धार्थनगर का खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में है। जिलाधिकारी और खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर शुक्रवार को इटवा बाजार में पुलिस बल के साथ सघन छापेमारी की गई। इस दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त की गई और नमूने लिए गए।
भारी मात्रा में सामान जब्त और सीज
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इटवा बाजार में विभिन्न दुकानों और ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान जो आंकड़े सामने आए, वे चौंकाने वाले हैं।
टीम ने शुद्धता की जांच के लिए खोया, पपड़ी और नमकीन का एक-एक सैंपल लिया है। करीब 700 किलो पपड़ी और 174 किलो नमकीन को असुरक्षित मानते हुए सीज कर दिया गया है और इनकी बिक्री पर तुरंत रोक लगा दी गई है। जांच के दौरान 15 किलो खोया बेहद गंदी और अस्वच्छ स्थितियों में मिला, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील’ से मौके पर जांच
छापेमारी के साथ-साथ विभाग ने आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया। बांसी के जिग्निहवा बाजार में ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील’ (चलती-फिरती लैब) के जरिए 12 खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच की गई। अधिकारियों ने व्यापारियों को सख्त हिदायत दी कि वे मानक के अनुरूप ही सामान बेचें और मिलावट से दूर रहें।
होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
सहायक आयुक्त (खाद्य) के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी और अन्य अधिकारी शामिल रहे। विभाग का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद ‘खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006’ के तहत दोषियों के खिलाफ कठोर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: बहराइच: घर के सामने सफाई कर रहे परिवार पर पड़ोसियों का धावा, कई घायल, एक गिरफ्तार

