सिद्धार्थनगर: ‘TET अनिवार्यता’ के खिलाफ शिक्षकों का हल्लाबोल, जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में शिक्षकों का गुस्सा फूट पड़ा है। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (TFI) के नेतृत्व में प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शिक्षकों ने सेवारत शिक्षकों के लिए TET (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अनिवार्यता के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय पर धरने के बाद शिक्षकों ने जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

प्रमुख मांगें और विरोध का कारण

शिक्षकों का तर्क है कि जो शिक्षक पहले से ही नियुक्त हैं और वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं, उन पर नई परीक्षा थोपना अनुचित है। पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री कलीमुल्लाह ने आरोप लगाया कि यह नियम शिक्षकों को नौकरी से निकालने की एक ‘साजिश’ है। उन्होंने इसे बेसिक शिक्षा के निजीकरण (Privatization) की दिशा में बढ़ता कदम बताया।

सिद्धार्थनगर: 'TET अनिवार्यता' के खिलाफ शिक्षकों का हल्लाबोल, जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च

महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष सुष्मा सिंह ने कहा कि इस निर्णय से अनुभवी शिक्षकों के मान-सम्मान को ठेस पहुंची है। TFI उपाध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि TET की अनिवार्यता किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है और इसके खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।

आंदोलन की रूपरेखा

पूर्व माध्यमिक संघ के जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र मिश्र ने बताया कि इससे पहले 22 फरवरी को शिक्षकों ने राष्ट्रव्यापी ट्विटर (X) अभियान चलाया था। शिक्षकों ने नायब तहसीलदार अमित कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा, जिन्होंने इसे उचित माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुँचाने का आश्वासन दिया।

प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और महिला शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने एक सुर में सरकार को चेतावनी दी कि यदि यह निर्णय वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन और उग्र होगा।

मौजूद पदाधिकारी एवं शिक्षक

कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री योगेंद्र पांडेय ने किया। इस दौरान विनय कुमार शुक्ला, संजय कन्नौजिया, बृजकिशोर तिवारी, आरिफ उस्मानी, लालजी यादव, अरुण सिंह, सुधाकर मिश्रा, और बड़ी संख्या में महिला शिक्षिकाएं (नगमा बानो, नाज परवीन, कामिनी गुप्ता आदि) उपस्थित रहीं।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: यौन शोषण मामला: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद की अग्रिम जमानत पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.