Siddharthnagar News: 4 दिन से लापता किशोर हैदराबाद में मिले, नहर में डूबने का संदेह हुआ खत्म
Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरूआ थाना क्षेत्र के दो किशोर, जो चार दिन पहले सरयू नहर में नहाने के बाद लापता हो गए थे, अब सुरक्षित पाए गए हैं। ये दोनों हैदराबाद में मिले हैं और शनिवार शाम तक कठेला पुलिस के साथ अपने घर वापस लौटेंगे। उनके नहर में डूबने की आशंका अब खत्म हो गई है, जिससे उनके परिवार वालों और पुलिस ने राहत की सांस ली है।
दोस्त के साथ गए थे नहाने
यह घटना बीते मंगलवार दोपहर की है। कठेला के झखैया गांव के रहने वाले 14 वर्षीय महबूब आलम और 15 वर्षीय शफीउल्लाह अपने एक दोस्त पाली के साथ टेम्पो से धनौरा गांव के पास सरयू नहर में नहाने गए थे। नहाने के बाद पाली तो घर लौट आया, लेकिन महबूब और शफीउल्लाह लापता हो गए। जब दोनों रात तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
पुलिस और एसडीआरएफ कर रहे थे तलाश
लापता होने की खबर मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम लगातार नहर और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश कर रही थी। हालांकि, पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से यह पता चल गया था कि दोनों किशोर जीवित हैं। शुक्रवार को शफीउल्लाह ने एक अनजान नंबर से अपनी मां को फोन करके बताया कि वे दोनों एक ठेकेदार के साथ हैदराबाद पहुंच गए हैं। इसके बाद दोनों ने सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन से भी संपर्क किया।
‘सीसीटीवी फुटेज पर था भरोसा’
‘संदेश वाहक’ से खास बातचीत में कठेला थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया, “बच्चों के नहर में डूबने का संदेह बना हुआ था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में दोनों शाम को घर की तरफ जाते हुए दिखे थे। मुझे विश्वास था कि वे जिंदा हैं। शुक्रवार को खुद किशोरों ने अपनी मां को हैदराबाद में सुरक्षित होने की जानकारी दी।” उन्होंने कहा कि पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार उनकी तलाश कर रही थी, लेकिन अब यह मामला सुलझ गया है।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: ‘बिहार में तीसरा मोर्चा बनाएंगे, मंत्री पद छोड़ देंगे’, ओमप्रकाश राजभर का बड़ा बयान


