सिद्धार्थनगर: बाबा तकियावा मज़ार पर बढ़ा तनाव, हिसामुद्दीनपुर गांव छावनी में तब्दील
Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र में स्थित भवानीगंज थाना के ग्राम हिसामुद्दीनपुर में बुधवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब जिला प्रशासन ने बाबा तकियावा मज़ार के इर्द-गिर्द के क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया। यह कार्रवाई मज़ार पर ‘हनुमान चालीसा’ पढ़ने की घोषणा के मद्देनजर की गई है, जिसे प्रशासन द्वारा नई परंपरा स्थापित करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

विवाद और प्रशासन की मुस्तैदी
तीन दिन पहले बढ़नी चाफ़ा के चेयरमैन धर्मराज वर्मा और पूर्व विधायक एवं हियुवा (हिन्दू युवा वाहिनी) के प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर इस मज़ार पर हनुमान चालीसा पढ़ने की घोषणा की थी, जो कल, गुरुवार को होनी है। जिला प्रशासन ने इस सोशल मीडिया पर वायरल हुई ‘ललकार’ का तुरंत संज्ञान लिया और कानून-व्यवस्था तथा सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए त्वरित कदम उठाए।

आम जनमानस में सुरक्षा का एहसास कराने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए, पूरे भवानीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम हिसामुद्दीनपुर में मज़ार के इर्द-गिर्द पैदल गश्त की गई और क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया। यह सुरक्षा व्यवस्था पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन में की गई। सुरक्षा टीम में निम्नलिखित अधिकारी शामिल रहे। जिसमें तहसीलदार डुमरियागंज, क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा, प्रभारी निरीक्षक डुमरियागंज श्रीप्रकाश यादव, थानाध्यक्ष भवानीगंज बृजेश कुमार सिंह और स्थानीय पुलिस बल शामिल रहे।

थानाध्यक्ष भवानीगंज बृजेश सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान संवेदनशील मार्गों पर गहन चेकिंग की गई और आम जनमानस से आपस में सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। फिलहाल, सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन द्वारा मज़ार पर नई परंपरा शुरू करने के प्रयास को रोका जा सकेगा या नहीं।
रिपोर्ट : जाकिर खान
Also Read: योगी सरकार की सख्ती का असर: दनकौर में 500 करोड़ की सरकारी भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त

