सिद्धार्थनगर: डीएम ने ठंड से ठिठुरते दिव्यांग फरियादी को पहले उढ़ाया कंबल, फिर सुनी समस्या
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. का एक मानवीय चेहरा सामने आया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में जनसुनवाई के दौरान डीएम ने न केवल एक दिव्यांग फरियादी की समस्या का तत्काल निस्तारण कराया, बल्कि कड़ाके की ठंड से ठिठुर रहे उस व्यक्ति को तत्काल कंबल भेंट कर इंसानियत की मिसाल पेश की।
ठंड से कांप रहे दिव्यांग की डीएम ने की मदद
जनसुनवाई के दौरान जब एक दिव्यांग व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर जिलाधिकारी के पास पहुंचा, तो डीएम की नजर उसकी शारीरिक स्थिति और ठंड से कांपते शरीर पर पड़ी। डीएम ने तत्काल अपनी फाइलें रोकीं और मातहतों को निर्देश दिया कि पहले इस व्यक्ति को गलन से बचाने के लिए कंबल उपलब्ध कराया जाए। मौके पर ही कंबल पाकर दिव्यांग फरियादी के चेहरे पर राहत दिखाई दी।
समस्या का त्वरित समाधान
कंबल देने के बाद जिलाधिकारी ने बड़े ही आत्मीय भाव से उसकी समस्या सुनी और संबंधित अधिकारियों को फोन कर मामले का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए। बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी ने जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों (SDMs) को विशेष निर्देश जारी किए हैं। सभी रैन बसेरों की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं और अधिकारी स्वयं इनका निरीक्षण करें। गरीब और असहाय व्यक्तियों को चिन्हित कर उनमें कंबल वितरित किए जाएं। सार्वजनिक और प्रमुख चौराहों पर नियमित रूप से अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: कुशीनगर: सम्पूर्ण समाधान दिवस का नया रोस्टर जारी, जनवरी से जून 2026 तक की तहसीलवार रूपरेखा तैयार

