Siddharthnagar News: भाजपा के प्रथम प्रदेश अध्यक्ष स्व. माधव प्रसाद त्रिपाठी की जन्मभूमि की उपेक्षा पर डिप्टी सीएम हुए सख्त
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रथम अध्यक्ष और पूर्व सांसद स्व. माधव प्रसाद त्रिपाठी, जिन्हें आज भी माधव बाबू के नाम से ससम्मान याद किया जाता है, उनकी जन्मभूमि तिवारीपुर आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अब उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मामले का संज्ञान लिया है।

डिप्टी सीएम ने जिलाधिकारी को लिखा पत्र
टीम यशोभूमि की ओर से भेजे गए मांग पत्र पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी (DM) को पत्र प्रेषित कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। इस पहल के बाद अब स्थानीय ग्रामीणों में तिवारीपुर के कायाकल्प की उम्मीद जगी है।

टीम यशोभूमि के अध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने स्व. त्रिपाठी के सम्मान में जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज का नामकरण उनके नाम पर किया और बांसी में प्रतिमा भी लगवाई। लेकिन विडंबना यह है कि उनका अपना पैतृक गांव तिवारीपुर आज भी जर्जर है।
गांव की पुरानी सीसी सड़कें अब उखड़कर गिट्टियों में बदल चुकी हैं, जिससे लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। गांव के मुख्य द्वार पर गेट तो बना है, लेकिन न तो उसकी रंगाई-पुताई हुई है और न ही उस पर माधव प्रसाद त्रिपाठी द्वार लिखा गया है। कई प्रमुख रास्ते आज भी इंटरलॉकिंग या पक्की सड़कों से नहीं जुड़ पाए हैं।

समग्र विकास की उठी मांग
ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मांग है कि माधव बाबू के योगदान को देखते हुए उनके गांव को एक मॉडल विलेज के रूप में विकसित किया जाए। पत्र में जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण और प्रवेश द्वार के सौंदर्यीकरण की विशेष मांग की गई है।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Siddharthnagar News: ARTO चम्पा लाल ने संभाला कार्यभार, बोले- डग्गामार वाहनों पर लगेगा अंकुश

