Siddharthnagar News: कमिश्नर का सख्त निर्देश- एक भी पात्र मतदाता छूटना नहीं चाहिए

Sandesh Wahak Digital Desk: बस्ती मंडल के कमिश्नर और रोल प्रेक्षक अखिलेश सिंह मंगलवार को सिद्धार्थनगर जिले के दौरे पर रहे। उन्होंने जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन के साथ जिले की विभिन्न विधानसभाओं के पोलिंग बूथों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ (BLO) को दो-टूक कहा कि 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले हर युवा का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए।

बूथों पर जमीनी हकीकत परखने पहुंचे अधिकारी

कमिश्नर और डीएम ने जिले के डुमरियागंज, इटवा, शोहरतगढ़ और कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्रों के कई प्राथमिक विद्यालयों में बने बूथों का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ से अब तक मिले आवेदनों (फॉर्म-6, 7 और 8) की प्रगति के बारे में पूछा और निर्देश दिया कि इन फॉर्मों की ऑनलाइन फीडिंग का काम बिना किसी देरी के पूरा किया जाए।

वोटर लिस्ट को ‘एरर-फ्री’ बनाने पर जोर

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर अखिलेश सिंह ने बीएलओ को कुछ महत्वपूर्ण निर्देश दिए। जो युवा 1 जनवरी 2026 को 18 साल के हो रहे हैं, उनका नाम प्राथमिकता पर जोड़ें। जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है या जिन लड़कियों की शादी होकर वे दूसरे स्थान पर चली गई हैं, उनके नाम नियमानुसार सूची से हटाए जाएं। भारत निर्वाचन आयोग का लक्ष्य है कि मतदाता सूची पूरी तरह से शुद्ध और गलतियों से मुक्त हो।

बिना किसी भेदभाव के हो काम

कमिश्नर ने बीएलओ से कहा कि वे इस कार्य में स्थानीय ग्राम प्रधानों का सहयोग लें, लेकिन ध्यान रहे कि नाम जोड़ने या हटाने में किसी भी तरह का भेदभाव न हो। उन्होंने यह भी कहा कि अगर काम में कोई तकनीकी दिक्कत या समस्या आती है, तो तुरंत अपने उच्चाधिकारियों (रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों) को बताएं ताकि समय रहते समाधान हो सके।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: लखनऊ: शहीद पथ पर ट्रैफिक रोके बिना बनेगी एलिवेटेड रोड, ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट में बड़े बदलाव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.