वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने और काटने पर हुई चर्चा, कमिश्नर ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक

सिद्धार्थनगर: विधानसभा चुनाव की तैयारियों और मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में एक अहम बैठक हुई। बस्ती मंडल के कमिश्नर और रोल प्रेक्षक अखिलेश सिंह ने जिला निर्वाचन अधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की मौजूदगी में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। कमिश्नर ने साफ कहा कि मतदाता सूची को पारदर्शी बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

गलत नाम कटेगा, सही नाम जुड़ेगा

बैठक के दौरान कमिश्नर अखिलेश सिंह ने राजनीतिक दलों से फीडबैक लिया। कमिश्नर ने बताया कि एसआईआर (SIR) के दौरान 20 प्रतिशत से अधिक नाम कटे हैं। यदि अभी भी किसी बूथ पर कोई गलत नाम दर्ज है, तो राजनीतिक दल फॉर्म-07 भरकर उसे हटवा सकते हैं।

उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि यदि किसी भी बूथ पर कोई शिकायत है, तो उसकी सूची प्रशासन को उपलब्ध कराएं ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। निर्देश दिया गया है कि सभी बीएलओ (BLO) अपने संबंधित राजनीतिक दलों के बीएलए (BLA) के साथ जानकारी साझा करें ताकि कोई विवाद न रहे।

18 जनवरी को फिर लगेगा ‘स्पेशल कैंप’

कमिश्नर ने युवाओं के लिए एक अच्छी खबर साझा की। उन्होंने बताया कि रविवार, 18 जनवरी 2026 को जिले के सभी पोलिंग बूथों पर ‘विशेष बूथ दिवस’ का आयोजन किया जा रहा है। जो युवा 1 जनवरी 2026 को 18 साल के हो चुके हैं, वे फॉर्म-06 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। नये मतदाताओं को फॉर्म-06 के साथ एक घोषणा पत्र भी भरना होगा, जिसमें उन्हें अपनी पुरानी जानकारी देनी होगी।

प्रशासन ने दिया पूरा भरोसा

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कमिश्नर को भरोसा दिलाया कि उनके द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन होगा। उन्होंने बताया कि बूथों के निरीक्षण के बाद जो कमियां पाई गई हैं, उन्हें तुरंत सुधारा जा रहा है। बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल और एडीएम गौरव श्रीवास्तव समेत जिले के सभी बड़े अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: कुशीनगर में आधार अपडेट की मुहिम: 10 साल पुराने आधार कार्ड का होगा नवीनीकरण; हर ब्लॉक में खुलेंगे केंद्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.