Siddharthnagar News: बैडमिंटन और टेबल टेनिस में चमके सिद्धार्थनगर के सिपाही, एसपी ने किया सम्मानित
Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद सिद्धार्थनगर की पुलिस टीम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे सिर्फ कानून-व्यवस्था ही नहीं, खेल के मैदान में भी पीछे नहीं हैं। हाल ही में मुरादाबाद में आयोजित 42वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता 2025 में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 5 पदक अपने नाम किए।
इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात की, उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एसपी ने खिलाड़ियों के हौसले की सराहना करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देते हैं, बल्कि टीम भावना और अनुशासन का भी विकास करते हैं।

आपको बता दें कि यह प्रतियोगिता 26 जून से 29 जून 2025 तक मुरादाबाद में आयोजित की गई थी, जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस, पीएसी, जीआरपी और रेडियो शाखा सहित 13 टीमों के करीब 300 महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने भाग लिया।

गोरखपुर ज़ोन की ओर से सिद्धार्थनगर जनपद का प्रतिनिधित्व करते हुए जिन खिलाड़ियों ने पदक जीते, वे इस प्रकार हैं:
निरीक्षक सूरज नाथ सिंह – 1 सिल्वर, 1 ब्रॉन्ज मेडल
आरक्षी चंद्रिका श्रीवास्तव – 2 ब्रॉन्ज मेडल
आरक्षी इंद्रेश कुमार – 1 ब्रॉन्ज मेडल
खेल और सेवा का बेहतरीन संगम
एसपी सिद्धार्थनगर ने इस मौके पर कहा, “हमारे पुलिसकर्मी सिर्फ कानून व्यवस्था के क्षेत्र में ही नहीं, खेलों में भी उत्कृष्टता के प्रतीक बन रहे हैं। इन उपलब्धियों से अन्य जवानों को भी प्रेरणा मिलेगी।”
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन ज़रूरी
सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि विभागीय सहयोग और वरिष्ठ अधिकारियों के प्रोत्साहन से उन्हें इस स्तर पर खेलने का अवसर मिला। खेलों में सिद्धार्थनगर पुलिस की यह उपलब्धि ना सिर्फ जिले का मान बढ़ाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि पुलिस सेवा के साथ-साथ खिलाड़ियों का जज़्बा और मेहनत भी बेमिसाल है।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: लखनऊ में मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, नाबालिग बरामद, दो गिरफ्तार

