सीकर में वैष्णो देवी से लौट रही बस को ट्रक ने मारी टक्कर, ड्राइवर-कंडक्टर समेत 4 की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान के फतेहपुर क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसने जयपुर–बीकानेर नेशनल हाईवे को चीख-पुकार से दहला दिया। एक स्लीपर बस और तेज़ रफ़्तार ट्रक की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में 6 की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।
यह दर्दनाक हादसा रात करीब 10:40 बजे हुआ। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर के बाद कई यात्री सीटों के नीचे और मलबे में बुरी तरह फँस गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि झुंझुनूं की ओर से आ रहा ट्रक बेकाबू होकर सीधे बस में घुस गया। सबसे ज्यादा चोटें बस के अगले हिस्से में बैठे यात्रियों और ड्राइवर-कंडक्टर को आईं।
वैष्णो देवी से लौट रहे थे गुजरात के यात्री
बस में सवार सभी यात्री गुजरात के वलसाड के रहने वाले थे। वे सभी वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे थे और खाटूश्यामजी जा रहे थे। बस में लगभग 50 लोग सवार थे। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कमलेश (बस ड्राइवर), मितेश (बस कंडक्टर), मयंक (यात्री) के रूप में हुई है। वहीं एक अज्ञात पुरुष (बुधवार सुबह जयपुर में इलाज के दौरान मौत) हो गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुँची। एंबुलेंस ड्राइवर भीम सिंह ने बताया कि मौके पर चारों ओर चीख-पुकार थी, जिसके बाद तुरंत अतिरिक्त एंबुलेंस बुलाई गईं। बस में फंसे यात्रियों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। 15 गंभीर घायलों को इलाज के लिए सीकर रेफर किया गया है, जिन्हें सिर, सीने और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। 13 घायलों का इलाज फतेहपुर में चल रहा है, जिन्हें सामान्य चोटें आई हैं। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हाईवे से हटाकर ट्रैफिक को बहाल किया है।
Also Read: यूपी के नगर निकायों पर ATS का शिकंजा, बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों की एंट्री की जांच शुरू

