यूपी में SIR अभियान ‘सरकार की चाल’, भाजपा की साजिश को PDA करेगा नाकाम: माता प्रसाद पांडेय

सिद्धार्थनगर: समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला कार्यालय पर भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर मतदाता पुनरीक्षण (SIR) अभियान की एक भव्य समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की शुरुआत बाबा साहेब के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करके की गई।

माता प्रसाद पाण्डेय: ‘SIR में हो रही है बड़ी गड़बड़ी’

बैठक का विशिष्ट अतिथि के रूप में मार्गदर्शन कर रहे उत्तर प्रदेश विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने SIR प्रक्रिया को ‘सूबे और केंद्र सरकार की सोची समझी चाल’ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना मैपिंग, बिना प्रशिक्षण और अग्रिम सूचना के यह अभियान शुरू किया गया, जिसका परिणाम है कि अकारण कई BLO (बूथ लेवल अधिकारी) की मौत हो चुकी है। पाण्डेय ने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा के अनुरूप BLO जानबूझकर मतदाताओं को सूची के प्रथम और द्वितीय कैटेगरी में न फीड करके तीसरे कैटेगरी में फीड कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 2003 की सूची में नाम होने के बावजूद साजिशन तीसरे कैटेगरी में नाम फीड होने से मतदाताओं का नाम सूची से स्वतः गायब हो जाएगा। 11 दिसंबर के बाद ऐसे मतदाताओं को सरकारी नोटिस जाएगा, और प्रमाण न देने पर उनका नाम काट दिया जाएगा। उन्होंने इसे ‘भाजपा की मतदाता का नाम उड़ाने की बहुत बड़ी साजिश’ बताया।

कृष्ण भान सिंह सैंथवार: ‘यूपी है, यहां साइकिल दौड़ेगी’

सपा के राष्ट्रीय सदस्य और SIR समीक्षा प्रभारी कृष्ण भान सिंह सैंथवार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि SIR केंद्र, प्रदेश सरकार और चुनाव आयोग द्वारा थोपा गया है, लेकिन समाजवादी कार्यकर्ता मेहनत से इसका मुकाबला करें।

सैंथवार ने हुंकार भरते हुए कहा, “भाजपा को पता नहीं है कि यह यूपी है, यह बिहार नहीं। यहाँ भाजपा की चाल को PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नाकाम करेगी।” उन्होंने दावा किया कि 2027 में अखिलेश यादव की अगुवाई में उत्तर प्रदेश में समाजवादी की सरकार बनेगी और ‘साइकिल दौड़ेगी’। इस बैठक की अध्यक्षता सपा के जिला अध्यक्ष लालजी यादव ने की, जिसमें पूर्व विधायक विजय पासवान, जिला महासचिव कमरुज्जमा खान सहित तमाम नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: सीएम योगी आगरा पहुंचे: SIR पर करेंगे मंडलीय समीक्षा बैठक, भाजपा कार्यकर्ताओं को करेंगे प्रेरित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.