केसीआर को फिर SIT का नोटिस, 1 फरवरी को होगी पूछताछ
Sandesh Wahak Digital Desk: तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत राष्ट्र समिति के अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव को एक बार फिर विशेष जांच टीम (SIT) की ओर से नोटिस जारी किया गया है। जांच एजेंसी ने आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 160 के तहत निर्देश दिया है कि केसीआर 1 फरवरी 2026 को दोपहर 3 बजे हैदराबाद स्थित अपने नंदीनगर आवास पर मौजूद रहें। यह नोटिस प्रकरण संख्या 243/2024 के संबंध में जारी किया गया है, जिसमें उन्हें साक्ष्य के रूप में शामिल किया जा रहा है।
यर्रावेल्ली में पूछताछ की मांग खारिज
जांच एजेंसी SIT ने केसीआर की उस मांग को साफ तौर पर खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने यर्रावेल्ली में पूछताछ कराने की बात कही थी। 30 जनवरी को जारी आधिकारिक पत्र में एसआईटी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पूछताछ केवल उसी पते पर होगी जो आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज है। एजेंसी का कहना है कि मामले से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक रिकॉर्ड अत्यंत संवेदनशील हैं और सुरक्षा कारणों से उन्हें किसी अन्य स्थान पर ले जाना संभव नहीं है।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि केसीआर की उम्र और स्वास्थ्य को ध्यान में रखा गया है। इसी वजह से पुलिस स्टेशन पर उपस्थित होने की बाध्यता को शिथिल करते हुए उनके आवास पर ही जांच का निर्णय लिया गया है। हालांकि एजेंसी ने यह साफ कर दिया है कि जांच का स्थान बदला नहीं जाएगा और आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार हैदराबाद ही जांच का केंद्र रहेगा।

जांच अधिकारियों को केसीआर का पत्र
इससे पहले 29 जनवरी को केसीआर की ओर से उनके प्रतिनिधियों ने जांच अधिकारियों को पत्र लिखकर यर्रावेल्ली ग्राम मारकूक मंडल में पूछताछ कराने की मांग की थी। इसके जवाब में जांच एजेंसी SIT ने दो बिंदुओं पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि आधिकारिक दस्तावेजों में जांच का स्थान हैदराबाद दर्ज है और कानूनी प्रक्रिया के तहत इसे बदलना उचित नहीं होगा। जारी नोटिस पर जुबिली हिल्स डिवीजन के एसीपी और जांच अधिकारी के हस्ताक्षर मौजूद हैं।
यह नोटिस ऐसे समय पर सामने आया है जब राज्य में राजनीतिक गहमागहमी चरम पर है। जांच एजेंसी का यह कदम यह संकेत देता है कि वह मामले की गंभीरता को देखते हुए किसी भी तरह के राजनीतिक दबाव या सुविधा को नजरअंदाज करने के मूड में है।
1 फरवरी पर टिकी निगाहें
अब सभी की नजरें 1 फरवरी को होने वाली इस कार्रवाई पर टिकी हैं। यह देखना अहम होगा कि केसीआर SIT के इस नोटिस के बाद क्या रुख अपनाते हैं और क्या वे यर्रावेल्ली में पूछताछ की अपनी मांग पर कायम रहते हैं या जांच एजेंसी के निर्देशों का पालन करते हैं।

