Sitapur News: बाढ़ प्रभावित हसनापुर पहुंचीं कांग्रेस नेता प्रियंका गुप्ता, किसानों के नुकसान का लिया जायजा
Sitapur News: कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष प्रियंका गुप्ता ने शुक्रवार को बिसवां विधानसभा क्षेत्र के सांडा ब्लॉक स्थित बाढ़ प्रभावित हसनापुर गांव का दौरा किया।
उन्होंने भारी बारिश और अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों के मकान, दुकान और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का जायजा लिया।
साथ ही किसानों की धान की फसल और मवेशियों के चारे को हुए नुकसान की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने प्रियंका गुप्ता को बताया कि बाढ़ के पानी से धान की फसल खराब हो गई है। कई मकान क्षतिग्रस्त हैं और गांव में पेयजल की समस्या भी बनी हुई है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि अब तक सत्ताधारी दल का कोई जनप्रतिनिधि या संबंधित अधिकारी गांव में नुकसान का जायजा लेने नहीं पहुंचा है।
फसल क्षति का सर्वे कराने की मांग
गांव का निरीक्षण करने के बाद प्रियंका गुप्ता ने कहा कि बारिश और बाढ़ से किसानों तथा प्रभावित परिवारों को आर्थिक नुकसान हुआ है।
उन्होंने सरकार से तहसील स्तर पर व्यापक सर्वे कराकर पीड़ितों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि प्रभावित कृषि क्षेत्रों में राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम भेजकर फसल क्षति का निष्पक्ष आकलन कराया जाए और पात्र किसानों को नियमानुसार सहायता व क्षतिपूर्ति राशि जल्द उपलब्ध कराई जाए।
क्षतिग्रस्त मकानों के लिए तत्काल राहत की मांग
प्रियंका गुप्ता ने क्षतिग्रस्त मकानों में रहने वाले परिवारों के लिए सुरक्षित अस्थायी आश्रय, भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने पात्र परिवारों को सरकारी आवास योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू करने की बात कही।
दौरे के बाद प्रियंका गुप्ता ने उपजिलाधिकारी बिसवां को ज्ञापन सौंपा। इसमें बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने और राहत व मुआवजे की कार्रवाई जल्द शुरू करने की मांग की गई।

