Sitapur Encounter : पत्रकार हत्याकांड के दोनों शूटर ढेर, शिवानंद बाबा की साजिश बेनकाब!
Sandesh Wahak Digital Desk: सीतापुर में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज मुठभेड़ में पत्रकार राघवेंद्र वाजपेयी हत्याकांड के दोनों वांछित शूटर पुलिस कार्रवाई में मारे गए। संयुक्त पुलिस टीम एसटीएफ, क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस द्वारा चलाए गए इस ऑपरेशन में राजू तिवारी उर्फ रिजवान और संजय तिवारी उर्फ शिब्बू उर्फ शकील खान को पिसावां थाना क्षेत्र के जल्लापुर इलाके में ढेर कर दिया गया।

एनकाउंटर की पूरी कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों अपराधी पुलिस की घेराबंदी में आने पर भागने की कोशिश करने लगे और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां से स्थिति बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

पत्रकार हत्याकांड में चल रहे थे फरार
गौरतलब है कि 8 मार्च 2025 को पत्रकार राघवेंद्र वाजपेयी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले उन्हें एक फोन कॉल आया, जिसके बाद वह घर से निकले और फिर हत्या की सूचना मिली। शुरुआती जांच में कोई सुराग नहीं मिलने पर मामला एसटीएफ को सौंपा गया।

खुली एक गहरी साजिश की परत
जांच में सामने आया कि इस हत्याकांड के पीछे कोई और नहीं बल्कि कार्यदेव मंदिर का पुजारी विकास राठौर उर्फ शिवानंद बाबा था। बाबा मंदिर परिसर में रहने वाले किशोरों के साथ यौन शोषण करता था। जब पत्रकार राघवेंद्र वाजपेयी को इसकी भनक लगी, तो उन्होंने इस काले सच को उजागर करने की ठान ली।
इसी आशंका में कि यह मामला सार्वजनिक हो जाएगा और उसकी छवि के साथ-साथ स्वतंत्रता भी खत्म हो जाएगी, शिवानंद बाबा ने पत्रकार की हत्या की साजिश रची। उसने पेशेवर शूटरों को 4 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या करवाई।
एक-एक लाख का था इनाम
दोनों शूटरों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी न होने पर पुलिस ने उन्हें मुठभेड़ में पकड़ने की रणनीति बनाई और अंततः देर रात उन्हें ढेर कर दिया गया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Also Read: प्रयागराज में STF का बड़ा ऑपरेशन: मुठभेड़ में गैंगस्टर आशीष रंजन गिरफ्तार, हथियार बरामद

