Sitapur News: प्रेमी जोड़े ने जिस मंदिर में रचाई थी शादी, 22 दिन बाद वहीं फंदे से लटके मिले पति-पत्नी के शव
Sitapur News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के अनिया कला स्थित प्रसिद्ध महामाई मंदिर में रविवार की सुबह सन्नाटा और मातम पसर गया। मंदिर परिसर में एक पेड़ से नवविवाहित जोड़े का शव लटका देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। मरने वाले खुशीराम (22) और मोहिनी (19) ने इसी महीने की 6 तारीख को इसी मंदिर में सात फेरे लिए थे।
लहरपुर के बस्ती पुरवा निवासी खुशीराम का अपनी दूर की रिश्तेदार मोहिनी के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। समाज और परिवार की परवाह न करते हुए दोनों 6 दिसंबर को घर से निकले और महामाई मंदिर में वैदिक रीति-रिवाज से शादी कर ली।
पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार, शुरुआत में परिवार वाले नाराज जरूर थे, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने इस रिश्ते को अपना लिया था। खुशीराम अपनी पत्नी मोहिनी के साथ अपने पुश्तैनी घर में ही रह रहा था। परिजनों का कहना है कि घर का माहौल सामान्य था, ऐसे में शादी के महज 22 दिन बाद दोनों का यह आत्मघाती कदम उठाना किसी को समझ नहीं आ रहा है।
रविवार तड़के जब लोग मंदिर में पूजा करने पहुंचे, तो वहां का नजारा दिल दहला देने वाला था। एक ही रस्सी के फंदे से दोनों के शव लटके हुए थे। सूचना मिलते ही हरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतरवाया। इंस्पेक्टर हरगांव बलवंत शाही ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या यह कदम किसी मानसिक तनाव की वजह से उठाया गया या इसके पीछे कोई और बड़ी वजह थी। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत के सही कारणों और समय का पता चल सके।

