Sitapur News: SBI में 5.5 करोड़ का फर्जीवाड़ा, पूर्व ब्रांच मैनेजर सहित 5 पर केस

Sandesh Wahak Digital Desk: सीतापुर के बिसवां कोतवाली में ₹5.5 करोड़ रुपये की फर्जी बैंक गारंटी जारी करने के गंभीर मामले में तत्कालीन (पूर्व) शाखा प्रबंधक सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बैंक की आंतरिक जांच में यह बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है।

मामले का विवरण

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की बिसवां खुर्द शाखा के कार्यवाहक प्रबंधक पुनीत कुमार पाल ने इस संबंध में तहरीर दी है। उनका आरोप है कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक लखनऊ के निराला नगर निवासी वीरेंद्र कुमार राम ने बैंक के नियमों की अनदेखी करते हुए तीन फर्जी बैंक गारंटी जारी की थीं।

इन गारंटी की कुल धनराशि लगभग साढ़े पांच करोड़ रुपये है। ये गारंटी मेसर्स श्री मां एंड कंपनी नामक फर्म के पक्ष में जारी की गई थीं। जांच में पता चला कि ये गारंटी बिना किसी वैध दस्तावेज़, क्रेडिट मूल्यांकन (Credit Evaluation) या आवश्यक सुरक्षा (Collateral) के दी गई थीं। बैंक में इस फर्म के किसी वैध व्यापारिक लेनदेन का कोई रिकॉर्ड भी नहीं है।

बैंक की आंतरिक जांच में यह निष्कर्ष निकला कि यह पूरा मामला एक पूर्व नियोजित आपराधिक षड्यंत्र के तहत किया गया, जिससे बैंक को बड़ा वित्तीय नुकसान होने की आशंका है।

इनके खिलाफ हुआ मुकदमा दर्ज

पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों में शामिल हैं।

  • वीरेंद्र कुमार राम: तत्कालीन शाखा प्रबंधक (निवासी: निराला नगर, लखनऊ)
  • श्रीकृष्ण मोहन सिंह: मेसर्स श्री मां एंड कंपनी के मालिक (निवासी: अमवा मिढ्ढा, बलिया)
  • रिंकू सिंह: श्रीकृष्ण मोहन सिंह की पत्नी (बलिया)
  • केशव सिंह: श्रीकृष्ण मोहन सिंह के बेटे (बलिया)
  • बच्चा सिंह (बलिया)

बिसवां कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Also Read: लखनऊ: पासी समाज का बंथरा थाने पर प्रदर्शन, पूर्व सांसद रीना चौधरी ने की गिरफ्तारी की मांग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.