Sitapur News: दरोगा की पिटाई से युवक की मौत, परिजनों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
Sandesh Wahak Digital Desk: सीतापुर जिले के सिधौली कोतवाली क्षेत्र में एक दरोगा की बेरहमी से पिटाई के बाद एक युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है। मृतक के परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी दरोगा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
जसवंतपुर गांव के 26 वर्षीय सत्यपाल यादव की जाफरीपुरवा चौराहे पर एक परचून की दुकान थी। मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे भंडिया चौकी इंचार्ज मणिकांत श्रीवास्तव गश्त के दौरान वहां पहुंचे। उन्होंने सत्यपाल को दुकान पर सोते हुए देखा और पूछताछ के नाम पर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। परिजनों के अनुसार, दरोगा ने सत्यपाल को सड़क पर घसीटा और गर्दन पर वार किया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।

इलाज के दौरान हुई मौत
घायल हालत में सत्यपाल को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन, इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। मौत से पहले घायल सत्यपाल ने खुद बयान में दरोगा की पिटाई की बात कही थी।
पुलिस ने दर्ज किया केस, वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना के बाद सुबह होते ही गुस्साए परिजनों ने जाफरीपुरवा में सड़क जाम कर दी। कई घंटों के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सत्यपाल के पिता की तहरीर पर आरोपी दरोगा मणिकांत श्रीवास्तव और उनके साथियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी दुर्गेश सिंह और आलोक सिंह, एसडीएम राखी वर्मा समेत कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी को मौके पर तैनात किया गया। एडिशनल एसपी दुर्गेश सिंह ने बताया कि आरोपों के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। मामले की जांच चल रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Bareilly News: जिलाधिकारी ने दिखाई तिरंगा रैली को हरी झंडी, दिया एकता का संदेश

