Sitapur News: लखनऊ व्यवसायी हत्याकांड का आरोपी सीतापुर में मिला मृत, पुलिस जांच में जुटी
Sitapur News: लखनऊ के गुडंबा इलाके में व्यवसायी की स्कूटी पर लात मारकर हत्या करने वाले आरोपी लुटेरे की रहस्यमयी परिस्थितियों में निर्मम हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह सिधौली कोतवाली क्षेत्र के नीलगांव सड़क किनारे झाड़ियों में युवक का शव बरामद हुआ। शव की हालत बेहद भयावह थी। सिर और शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले, जबकि पैर के नाखून तक उखड़े हुए थे।
पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद शव को कहीं और ले जाकर फेंकने की कोशिश की गई थी, लेकिन योजना पूरी नहीं हो सकी। मृतक की पहचान लखनऊ के बख्शी तालाब निवासी संजय यादव के रूप में की गई है।
व्यवसायी की हत्या का आरोपी था संजय यादव
बताया जाता है कि संजय ने अपने साथी के साथ मिलकर गुडंबा क्षेत्र में एक व्यवसायी की चेन लूट ली थी। जब व्यवसायी ने उनका पीछा किया, तो संजय ने उसकी स्कूटी पर लात मार दी। इससे व्यवसायी सड़क पर घिसटते हुए बुरी तरह घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। मृतक व्यवसायी के परिवार ने शुरुआत से ही आरोप लगाया था कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी।
सीतापुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी साजिश, कारण और नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
Also Read: चंडीगढ़ से दिल्ली बुलाए गए राजीव वर्मा, बने राष्ट्रीय राजधानी के मुख्य सचिव

