Sitapur News: ड्यूटी पर तैनात पीएसी जवान ने राइफल से खुद को गोली मारकर दी जान

Sitapur News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां ड्यूटी के दौरान तैनात प्रांतीय आर्म्ड कांस्टेबुलरी (पीएसी) के एक सिपाही ने अपनी ही सरकारी राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद जवानों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल सिपाही को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा

जानकारी के अनुसार मृतक सिपाही का नाम हिमांशु कुमार था, जो मूल रूप से अमरोहा जिले के गांव ईश्वर देव का रहने वाला था। वह 2021 बैच का जवान था और वर्तमान में मुरादाबाद की 24वीं बटालियन में तैनात था। बीते दिनों उसे सीतापुर स्थित केंद्रीय रिजर्व भंडार गृह (सीआर) में दो माह की ड्यूटी के लिए भेजा गया था। शनिवार को हिमांशु वॉच टावर पर ड्यूटी कर रहा था। इस दौरान वह मोबाइल पर बात कर रहा था तभी अचानक उसकी राइफल से तीन राउंड फायरिंग हो गई। गोलियां उसकी ठोड़ी से होते हुए सिर को पार कर गईं। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है

फायरिंग की आवाज सुनते ही अन्य जवान मौके पर पहुंचे और घायल साथी को तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस और पीएसी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि पहली नजर में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।

गोली खुद सिपाही ने चलाई है

सीतापुर के पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सिपाही हिमांशु कुमार की ड्यूटी वॉच टावर पर थी। गोली चलने की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में यही सामने आया है कि गोली खुद सिपाही ने चलाई है, लेकिन घटना की तह तक जाने के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। हर एंगल से जांच की जाएगी।

आगे की कार्रवाई की जा रही है

इस हादसे से पीएसी और पुलिस महकमे में शोक की लहर है। जवानों का कहना है कि हिमांशु हमेशा सामान्य दिखता था और उसने किसी तरह की परेशानी का जिक्र नहीं किया था। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.