Sitapur News: जिला अस्पताल के वार्ड में मरीज ने कटवाए बाल, जांच के आदेश
Sitapur News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिला अस्पताल से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक मरीज अस्पताल के वार्ड के अंदर ही अपने बेड पर बैठकर बाल कटवाता नजर आ रहा है। वार्ड में मौजूद अन्य मरीजों और तीमारदारों ने इसका विरोध किया, लेकिन बाल कटवाने वाला व्यक्ति विवाद करता दिखाई दिया।
वार्ड में ही शुरू कर दिया बाल कटवाना
मिली जानकारी के अनुसार, सीतापुर जिला अस्पताल के पेइंग वार्ड में भर्ती एक मरीज ने वार्ड के अंदर ही बाल कटवाना शुरू कर दिया। वार्ड में मौजूद अन्य मरीजों के तीमारदारों ने इस पर आपत्ति जताई और कहा कि इससे दूसरे मरीजों को परेशानी हो सकती है। इस पर मरीज ने कहा कि वह अपने बेड पर बाल कटवा रहा है और इसमें किसी को समस्या नहीं होनी चाहिए।
वहीं इसी दौरान वार्ड में मौजूद एक व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति मरीज के बाल काट रहा है और वीडियो बना रहा शख्स लगातार इसका विरोध कर रहा है। उसने ड्यूटी पर मौजूद नर्स को भी बुलाया और वार्ड में बाल कटवाए जाने को लेकर आपत्ति जताई।
नर्स ने कार्रवाई के बजाय वीडियो बनाने से किया मना
वायरल वीडियो में नर्स मरीज को रोकने के बजाय वीडियो बनाने वाले व्यक्ति को वीडियो बनाने से मना करती नजर आ रही है। जब वीडियो बनाना बंद नहीं किया गया तो नर्स वहां से चली गई। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वहीं मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से प्रतिक्रिया दी गई है। सीएमएस ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है और कहा है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Lucknow News: गाय ने मासूम बच्ची को जमीन पर पटककर बेरहमी से रौंदा, तबेला संचालक पर FIR

