Sitapur News: अवैध रूप से चल रहे सिमना हॉस्पिटल पर छापा, स्वास्थ्य विभाग ने किया सील

Sandesh Wahak Digital Desk: स्वास्थ्य विभाग और मजिस्ट्रेट की एक संयुक्त टीम ने सोमवार को सीतापुर जिले के लहरपुर के सिमना हॉस्पिटल पर छापा मारा और सभी आवश्यक दस्तावेज न मिलने पर उसके संचालन पर रोक लगा दी। अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार के निर्देश पर नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश त्रिपाठी और नायब तहसीलदार अशोक यादव ने इस अस्पताल की जांच की। जांच के दौरान, अस्पताल का पंजीकरण और अन्य आवश्यक दस्तावेज़ नहीं मिले। अस्पताल में कोई भी डॉक्टर मौजूद नहीं था, जिसके बाद इसे मानक-विहीन घोषित कर दिया गया।

जांच टीम ने अस्पताल प्रबंधन को एक नोटिस जारी कर 12 सितंबर तक सभी दस्तावेज़ प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। निर्धारित समय सीमा तक कोई भी दस्तावेज़ प्रस्तुत न कर पाने के कारण अस्पताल को सील कर दिया गया।

यह कार्रवाई 27 अगस्त को हुई एक घटना के बाद की गई है, जिसमें दर्जीन पुरवा निवासी 55 वर्षीय समी को इलाज के लिए सिमना अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल ने पैसों की कमी के कारण समी को देर रात बाहर निकाल दिया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने समी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। इस घटना की खबर अखबारों में प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इसका संज्ञान लिया और जांच टीम का गठन किया। नोडल अधिकारी डॉ. मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जांच में अस्पताल के पास कोई वैध कागजात नहीं पाए गए, जिसके कारण इसे सील कर दिया गया है।

Also Read: बिहार में NDA की सीटों पर रार, नीतीश ने बिना सहमति के किया उम्मीदवार का ऐलान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.