Sitapur News: संजना क्षेत्र में आतंक मचाने वाला तेंदुआ पिंजरे में कैद, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के संजना क्षेत्र में लंबे समय से दहशत का पर्याय बने एक तेंदुए को आखिरकार वन विभाग ने अपनी रणनीति के तहत पिंजरे में फंसा लिया है। इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

जिला वन अधिकारी (DFO) नवीन खंडेलवाल ने सोमवार को बताया कि बसौली गाँव में स्थापित एक गौशाला में 15 सितंबर को पहली बार सीसीटीवी कैमरे में यह तेंदुआ दिखा था। इस तेंदुए ने गौशाला में कई बार पशुओं पर हमला करने की कोशिश की थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी।

बकरी के लालच में फंसा तेंदुआ

तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद, वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। टीम ने गौशाला के पास एक पिंजरे में बकरी को चारे के रूप में बाँधकर जाल बिछाया। वन विभाग की यह रणनीति रविवार देर रात सफल रही, जब तेंदुआ बकरी के लालच में पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही उप-विभागीय अधिकारी (SDO) बृजेंद्र कुमार पांडे, रेंजर मश्रिखि सिकंदर सिंह, वन दरोगा ऋषभ सिंह तोमर और अन्य कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और तेंदुए को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया। अब इस तेंदुए को जंगल में उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

महोली क्षेत्र में बाघों का आतंक अब भी बरकरार

डीएफओ खंडेलवाल ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब जिले में जंगली जानवरों का आतंक फैला है। उन्होंने कहा कि महोली क्षेत्र के नरनी गांव और आसपास के इलाकों में कठिना नदी के किनारे बाघों का आतंक अब भी बना हुआ है। कुछ समय पहले एक बाघिन को पिंजरे में पकड़ा गया था, लेकिन उसके शावक और अन्य बाघ अभी भी क्षेत्र में घूम रहे हैं। बाघों के लगातार हमले से किसान, पशुपालक और ग्रामीण बेहद चिंतित हैं, क्योंकि बाघ कई मवेशियों को अपना शिकार बना चुके हैं।

वन विभाग ने ग्रामीणों को सलाह दी है कि वे रात के समय अकेले जंगल या नदी के किनारे न जाएँ और अपने पशुओं को सुरक्षित रखें। विभाग ने यह भी आश्वासन दिया है कि बाघों को पकड़ने के लिए और पिंजरे लगाए जाएँगे। बसौली के ग्रामीणों को तेंदुए से तो राहत मिल गई है, लेकिन महोली क्षेत्र में बाघों की सक्रियता के कारण सतर्कता अब भी बनी हुई है।

Also Read: Bahraich Wolf Attacks: CM योगी के निर्देश पर 13 घायलों को सौंपी गई 50-50 हज़ार की आर्थिक मदद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.