Sitapur News: ‘राहत’ की सड़क बनी ‘आफत’ का सबब, ऊंची सड़क और गहरी साइडों से पलट रहे ई-रिक्शा
Sitapur News: शहर के मुंशीगंज से बड़ा गांव जाने वाली मुख्य सड़क पर पिछले कई महीनों से जलभराव और जर्जर हालत के चलते लोग त्रस्त थे। गैस एजेंसी के पास सड़क पर जमा होने वाले गंदे पानी के खिलाफ मोहल्ले वासियों ने कई बार विरोध प्रदर्शन किया और चक्का जाम भी किया। भारी दबाव के बाद करीब डेढ़ सप्ताह पहले सड़क का निर्माण तो हुआ, लेकिन आधे-अधूरे और अनियोजित काम ने नई मुसीबत खड़ी कर दी है।
ऊंची सड़क और गहरी ढलान बनी ‘ट्रैप’
सड़क निर्माण के दौरान ठेकेदार और विभाग ने सड़क के दोनों तरफ करीब 4-5 फुट की साइड छोड़ दी है। पानी टंकी के पास सड़क को काफी ऊंचा बना दिया गया है, जबकि किनारों को मिट्टी से भरा ही नहीं गया। नतीजा यह है कि सड़क के दोनों तरफ काफी गहरी ढलान हो गई है।
सड़क ऊंची और साइडें नीची होने के चलते यहां से गुजरने वाले ई-रिक्शा अक्सर अपना संतुलन खो बैठते हैं। पिछले कुछ दिनों में कई ई-रिक्शा यहाँ पलट चुके हैं, जिससे उनमें बैठी सवारियां गंभीर रूप से घायल हुई हैं। सड़क के अधूरे निर्माण की वजह से दिन में कई बार यहाँ लंबा जाम लग जाता है, जिससे राहगीरों को घंटों मशक्कत करनी पड़ती है।
जलभराव से मुक्ति मिली, पर हादसों का डर बढ़ा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क बनने से गंदे पानी के भराव से तो छुटकारा मिल गया, लेकिन अब हर वक्त किसी बड़े हादसे का डर सताता रहता है। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों को इस समस्या के बारे में पता है, फिर भी वे अनजान बने हुए हैं। मोहल्ले वासियों ने सवाल उठाया है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है?
जनता की मांग: जल्द भरी जाएं साइडें
क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क के दोनों ओर छोड़ी गई जगह को तत्काल मिट्टी या खड़ंजे से भरकर सड़क के बराबर किया जाए, ताकि ई-रिक्शा और अन्य छोटे वाहन सुरक्षित तरीके से निकल सकें।
Also Read: Kanpur News: केडीए का चला पीला पंजा, 12 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, भू-माफियाओं को अल्टीमेटम

