बीकेटी बाजार को बचाने की कवायद तेज, विधायक योगेश शुक्ला ने NHAI के सामने रखा फ्लाईओवर का विकल्प

Lucknow News: लखनऊ-सीतापुर रोड को 6-लेन बनाने के प्रस्ताव ने बीकेटी क्षेत्र के व्यापारियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाली दुकानों और मकानों को बचाने के लिए भाजपा विधायक योगेश शुक्ला ने व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ एनएचएआई के परियोजना निदेशक नकुल प्रकाश वर्मा से मुलाकात की और जनहित में योजना में बदलाव की मांग रखी।

एनएचएआई के मौजूदा प्रस्ताव के अनुसार, सड़क के दोनों तरफ 22-22 मीटर चौड़ीकरण किया जाना है। एनएचएआई अब तक करीब 400 लोगों को नोटिस भेज चुका है। व्यापारियों का तर्क है कि यदि 6-लेन सड़क जमीन पर बनती है, तो बीकेटी का मुख्य बाजार पूरी तरह उजड़ जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश कब्जेदारों को पहले ही मुआवजा दिया जा चुका है, जबकि स्थानीय लोग अपनी रोजी-रोटी का हवाला देकर इसका विरोध कर रहे हैं।

विधायक ने सुझाया फ्लाईओवर का रास्ता

विधायक योगेश शुक्ला ने व्यापारियों की समस्याओं को सुनने के बाद एनएचएआई के सामने एक वैकल्पिक समाधान पेश किया है। उन्होंने सुझाव दिया कि तहसील मोड़ से लेकर बीकेटी कस्बा पार करने तक एक फ्लाईओवर बना दिया जाए। विधायक का मानना है कि फ्लाईओवर बनने से मुख्य मार्ग का ट्रैफिक ऊपर से निकल जाएगा और नीचे का स्थानीय बाजार सुरक्षित रहेगा। इस कदम से ऐतिहासिक बख्शी का तालाब और क्षेत्र की प्राचीन धरोहरों को भी कोई नुकसान नहीं होगा।

Also Read: Lucknow News: रिजल्ट में बैक आने से परेशान MBBS छात्र ने हॉस्टल में दी जान, आज होनी थी पेरेंट्स मीटिंग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.