Sitapur News: बाघ के हमले में मारे गए युवक के परिजनों को मिली 4 लाख की सहायता राशि

Sandesh Wahak Digital Desk: सीतापुर के महोली तहसील के नरनी गांव में एक बाघ के हमले में मारे गए सौरभ दीक्षित के परिजनों को सोमवार को विधायक शशांक त्रिवेदी ने देवी आपदा राहत कोष से 4 लाख रुपये का चेक सौंपा। सौरभ को शुक्रवार शाम उस समय बाघ ने अपना शिकार बना लिया था, जब वह मवेशियों के लिए चारा लेने खेत की तरफ गए थे।

ग्रामीणों का गुस्सा, नेताओं का दौरा

हादसे के बाद, आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जमकर नारेबाजी की। विधायक शशांक त्रिवेदी और वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों को शांत कराया और जल्द से जल्द बाघ को पकड़ने का आश्वासन दिया। उप जिलाधिकारी देवेंद्र मिश्रा ने परिजनों को आर्थिक मदद का भरोसा दिया, जिसके बाद ही परिजनों ने सौरभ का अंतिम संस्कार किया।

इस घटना के बाद, कई नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। रविवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और सांसद राकेश राठौर ने नरनी गाँव का दौरा किया था। सोमवार को धौरहरा के सांसद आनंद भदौरिया ने भी पीड़ित परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।

बाघ की तलाश जारी, गांव में दहशत

वन विभाग और दुधवा टाइगर रिजर्व की एक्सपर्ट टीमें लगातार बाघ की तलाश कर रही हैं। सोमवार सुबह नरनी गांव के पास मुख्य सड़क पर एक सियार का क्षत-विक्षत शव मिला, जिससे ग्रामीणों में यह आशंका बढ़ गई है कि यह भी बाघ का शिकार हो सकता है। एक्सपर्ट टीम ने सियार के शव का पोस्टमार्टम कराया है और बाघ की तलाश के लिए ड्रोन कैमरा, पिंजरा और ट्रैप कैमरा जैसे आधुनिक संसाधनों का इस्तेमाल कर रही है। वन क्षेत्राधिकारी कल्पेश्वर नाथ ने बताया कि टीम लगातार इलाके में गश्त कर रही है और बाघ की लोकेशन मिलते ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

रिपोर्ट: संदीप श्रीवास्तव

Also Read: कुशीनगर में नदियों को बचाने का महाअभियान, DM बोले- दिसंबर तक पूरा होगा काम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.