सीतापुर में बहू को बचाने आई ताई की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी भतीजा गिरफ्तार

Sitapur News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में बहू को बचाने पहुंची 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। आरोप है कि भतीजे प्रदीप उर्फ शंभु ने गुस्से में अपनी ताई रामदेवी पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस ने मृतका के बेटे भोला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है। सीओ सिधौली वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

बहू पर हमला करने पहुंचा था आरोपी 

मामला कमलापुर थाना क्षेत्र के सुजौलिया गांव का है। भोला के मुताबिक, गुरुवार सुबह वह खेत पर गया था। इस दौरान उसकी मां रामदेवी पड़ोस में रहने वाले अपने चचेरे भाई दीपू के घर पहुंच गईं। वहां रामदेवी के साथ दीपू की पत्नी सरोजनी भी मौजूद थीं।

आरोप है कि इसी बीच प्रदीप उर्फ शंभु कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचा। उसने गाली-गलौज करते हुए सरोजनी पर हमला करने की कोशिश की। रामदेवी ने बीच में आकर सरोजनी को बचा लिया। इससे आरोपी गुस्से में आ गया और उसने रामदेवी पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए।

सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने से रामदेवी जमीन पर गिर पड़ीं। सरोजनी चीखते हुए वहां से भागी, जबकि आरोपी रामदेवी पर हमला करता रहा। आरोप है कि उसने तब तक वार किए, जब तक रामदेवी की मौत नहीं हो गई।

भाग रहे आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ा

घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपी भागने लगा, लेकिन लोगों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

खेत में मौजूद भोला को मां की हत्या की सूचना मिली तो वह घर पहुंचा। मां का खून से लथपथ शव देखकर वह बदहवास हो गया। परिवार में चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलने पर सीओ सिधौली वेद प्रकाश श्रीवास्तव और कमलापुर थाना प्रभारी इतुल चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव से जुड़ी कार्रवाई के साथ मामले की जांच शुरू की। सीओ के मुताबिक, भोला की तहरीर पर प्रदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और घटना में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

बेटे ने बताया मानसिक रूप से कमजोर था आरोपी

रामदेवी की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे भोला ने बताया कि उसका चचेरा भाई प्रदीप मानसिक रूप से कमजोर है, लेकिन परिवार में किसी को अंदेशा नहीं था कि वह इस तरह की वारदात कर देगा।

वहीं, सरोजनी ने बताया कि प्रदीप अचानक उन पर हमला करने पहुंचा था। सास रामदेवी ने उन्हें बचाने के लिए बीच-बचाव किया, तो आरोपी ने उन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिए। सरोजनी के मुताबिक, उस समय आरोपी इतना गुस्से में था कि बीच में आने वाले किसी भी व्यक्ति पर हमला कर सकता था।

Also Read: सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने स्वतंत्र देव सिंह के आवास का किया घेराव, घंटी बजाकर जताई नाराजगी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.