बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में 27 लाख के इनामी 6 कुख्यात माओवादी ढेर

Sandesh Wahak Digital Desk: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नेशनल पार्क क्षेत्र के घने जंगलों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने 6 कुख्यात माओवादियों को मार गिराया है। इन सभी माओवादियों पर कुल 27 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पश्चिम-दक्षिण बस्तर डिवीजन को बड़ा झटका

खुफिया सूचना के आधार पर, डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने यह ऑपरेशन शुरू किया था। 11 नवंबर की सुबह से कांदुलनार-कचलारम जंगलों में रुक-रुक कर हुई गोलीबारी में 6 माओवादी मारे गए। इस सफलता को पश्चिम और दक्षिण बस्तर डिवीजन के माओवादी नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

मारे गए माओवादियों की पहचान

मारे गए माओवादियों में कई बड़े नाम शामिल हैं। कन्ना उर्फ बुचन्ना (8 लाख इनामी) यह डीवीसीएम (डिवीजनल कमेटी मेंबर) और मद्देड़ एरिया कमेटी इंचार्ज था। 35 वर्षीय यह माओवादी 42 अपराधों में वांछित था, जिनमें कैंप अटैक, आईईडी ब्लास्ट, बस जलाना, डकैती और शिक्षकों की हत्या शामिल थी।

उर्मिला (8 लाख इनामी) यह भी डीवीसीएम थी और पामेड़ एरिया कमेटी की सचिव थी। यह पीएलजीए बटालियन की सप्लाई चेन संभालती थी और ग्रामीणों को डराकर भर्ती करती थी। जगत तामो उर्फ मोटू (5 लाख इनामी) यह एसीएम (एरिया कमेटी मेंबर) और मद्देड़ एरिया कमेटी सदस्य था। इनके अलावा, देवे (2 लाख इनामी), भगत (2 लाख इनामी) और मंगली ओयाम (2 लाख इनामी) भी मारे गए हैं।

भारी मात्रा में हथियार बरामद

मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार और अन्य सामग्री बरामद की है। इसमें 2 इंसास राइफल (5 मैगजीन, 68 कारतूस), 1 कार्बाइन (3 मैगजीन, 22 कारतूस), .303 राइफल, सिंगल शॉट राइफल, 12 बोर बंदूक, ग्रेनेड और विस्फोटक शामिल हैं।

Also Read: लखनऊ में ‘जनजाति भागीदारी उत्सव’ का शुभारंभ, 22 राज्यों के कलाकार हुए शामिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.