SL vs BAN T20: 15 साल में पहली बार हुआ ऐसा, तंजीद-लिटन की जोड़ी ने किया कमाल

Sandesh Wahak Digital Desk: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बांग्लादेश ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए श्रीलंका को तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 से हराकर इतिहास रच दिया है।

यह पहला मौका है जब बांग्लादेश ने श्रीलंका को टी20 सीरीज में शिकस्त दी है। बुधवार को कोलंबो में खेला गया तीसरा और निर्णायक मुकाबला पूरी तरह एकतरफा रहा, जिसमें बांग्लादेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाज़ी करते हुए श्रीलंका की टीम निर्धारित 20 ओवर में सिर्फ 132 रन ही बना सकी। टॉप ऑर्डर पूरी तरह लड़खड़ा गया। कुसल मेंडिस (6), कुसल परेरा (0), दिनेश चंदीमल (4) और कप्तान चरिथ असालंका (3) सस्ते में पवेलियन लौट गए।

हालांकि, ओपनर पथुम निसांका ने 39 गेंदों में 46 रन की अहम पारी खेली, जिसमें चार चौके शामिल थे। इसके अलावा कमिंडु मेंडिस ने 21 और दसुन शनाका ने 25 गेंदों में नाबाद 35 रन बनाए, जिससे टीम 132 रन तक पहुंच सकी।

Litton Das

तंजीद हसन की धमाकेदार पारी

133 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत भी खराब रही। ओपनर परवेज हसन एमन बिना खाता खोले आउट हो गए।

हालांकि, इसके बाद तंजीद हसन तमीम और कप्तान लिट्टन दास ने पारी को संभाला। लिट्टन ने 26 गेंदों पर 32 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 1 छक्का शामिल था।

वहीं, तंजीद हसन ने धमाकेदार बल्लेबाज़ी करते हुए नाबाद 73 रन बनाए। उनकी पारी में 1 चौका और 6 छक्के शामिल थे। उनके साथ तौहीद ह्रदोय भी 27 रन बनाकर नाबाद लौटे। बांग्लादेश ने 16.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।

इतिहास के पन्नों में दर्ज हुआ बांग्लादेश का नाम

इस ऐतिहासिक जीत के साथ बांग्लादेश ने श्रीलंका के खिलाफ पहली बार टी20 सीरीज जीती और जश्न में डूब गया। सीरीज का पहला मैच श्रीलंका ने जीता था, लेकिन इसके बाद बांग्लादेश ने लगातार दो मैच जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली।

यह जीत न केवल बांग्लादेश क्रिकेट के लिए मील का पत्थर है, बल्कि टीम की बढ़ती हुई ताकत का संकेत भी देती है।

Ask ChatGPT

Get real time updates directly on you device, subscribe now.