हमीरपुर में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब ढहा, 6 मजदूरों की मौत, सीएम योगी ने जताया दुख
Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गुरुवार देर रात आए भीषण आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के बीच एक बड़ा और हृदय विदारक हादसा हो गया। यहाँ बेतवा नदी पर बन रहे एक निर्माणाधीन पुल का भारी-भरकम स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे की चपेट में आने से वहां सो रहे 6 मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य के अभी भी फंसे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई हैं।
यह भयावह हादसा ललपुरा थाना क्षेत्र के मोराकंदर परसानी और कुरारा थाना क्षेत्र के नैथी गांव को जोड़ने वाले निर्माणाधीन पुल पर तड़के करीब 3 बजे हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक, रात में तेज आंधी और बारिश शुरू होने के कारण पुल का काम रुका हुआ था और मजदूर स्लैब के नीचे ही सो रहे थे। तभी अचानक पुल का ढांचा ताश के पत्तों की तरह ढह गया। स्लैब गिरते ही पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
जनपद हमीरपुर में बेतवा नदी पर एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है।
मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।
जिला प्रशासन को SDRF के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य तेजी से संचालित करने हेतु निर्देश दिए हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 29, 2026
मृतक श्रमिकों की हुई पहचान, एक अब भी लापता
मलबे से निकाले गए शवों के आधार पर जान गंवाने वाले 5 मजदूरों लोकेंद्र निषाद (22 वर्ष), कुलदीप निषाद (19 वर्ष), सावंत यादव (28 वर्ष), सभाजीत (30 वर्ष) व पुष्पेंद्र सिंह चौहान (34 वर्ष) की शिनाख्त हो चुकी है।
इसके अलावा, एक अन्य मजदूर राजेश पाल (42 वर्ष) के अभी भी मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू टीमें जेसीबी (JCB) और कटर मशीनों की मदद से लगातार भारी स्लैब को हटाने और लापता मजदूर को तलाशने के काम में लगी हुई हैं। हादसे के बाद आस-पास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मदद के लिए पहुंच गए।
सीएम योगी ने जताया गहरा शोक
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस दुर्घटना को अत्यंत दुखद और हृदय विदारक बताते हुए जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे युद्धस्तर पर राहत कार्य चलाएं। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं और घायलों को तत्काल उच्च स्तरीय चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।
Also Read: Lucknow News: सिगरेट को लेकर हुए विवाद में भाजयुमो नेता शिवम सिंह की ईंट-पत्थरों से कूचकर हत्या

