राजस्थान के बालोतरा में ट्रेलर में जा घुसी स्लीपर बस, 6 यात्रियों की दर्दनाक मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान के बालोतरा जिले के सरवड़ी गांव के पास नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार स्लीपर बस अपने आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, हादसा शाम के समय हुआ जब बस हाईवे पर रफ्तार भर रही थी। अचानक बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर होते ही बस के अंदर सो रहे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य में जुट गए।

रेस्क्यू टीम जब बस के अंदर दाखिल हुई, तो वहां का नजारा देख लोगों की रूह कांप गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ यात्रियों के शव बस के मलबे में बुरी तरह फंसकर लटके हुए थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद फंसे हुए लोगों और शवों को बाहर निकाला।

घायलों की हालत नाजुक, हाईवे पर लगा लंबा जाम

पुलिस ने सभी 6 शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां कई की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। इस हादसे के कारण नेशनल हाईवे के दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। फिलहाल पुलिस क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हाईवे से हटाने और यातायात बहाल करने की कोशिश कर रही है।

Also Read: ‘मुझसे निपटने का अब एक ही तरीका है कि…’,बरी होते ही केजरीवाल ने मोदी-शाह को दी चुनौती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.