स्मृति ईरानी करीब एक साल बाद पहुंचीं अमेठी, जनसभा को करेंगी संबोधित

Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा चुनाव 2024 में अमेठी से हार के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पहली बार अपने पुराने संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंची हैं। तकरीबन 355 दिनों बाद वह यहां के लोगों से सीधा संवाद करेंगी। इस मौके पर वह अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर आयोजित एक जनसभा को भी संबोधित करेंगी।

सोमवार सुबह करीब 10 बजे स्मृति ईरानी दिल्ली से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से अमेठी के लिए रवाना हुईं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह अपने निजी आवास जाएंगी या नहीं। पार्टी के स्थानीय नेताओं के अनुसार, फिलहाल उनके घर जाने का कोई तय कार्यक्रम नहीं है।

अमेठी से उनका पुराना नाता

स्मृति ईरानी 2014 में पहली बार अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ी थीं, जहां उन्हें राहुल गांधी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन इस हार के बावजूद उन्होंने अमेठी से नाता नहीं तोड़ा और लगातार जनता के बीच बनी रहीं। इसका नतीजा 2019 के लोकसभा चुनाव में देखने को मिला, जब उन्होंने राहुल गांधी को पराजित कर इस सीट पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

जीत के बाद उन्होंने कहा था, “अमेठी मेरा घर है। यहां के लोगों ने मुझे सांसद नहीं, दीदी बनाया है।” इसके बाद उन्होंने “दीदी आपके द्वार” अभियान शुरू किया, जिससे लोगों से सीधे संवाद कायम रहा। उन्होंने अमेठी में अपना घर भी बनवाया और यहीं की वोटर भी बन गईं।

2024 की हार और वापसी की उम्मीद

2024 के लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद स्मृति ईरानी लंबे समय तक अमेठी नहीं आईं, जिससे उनके समर्थकों में निराशा देखी जा रही थी। कयास लगाए जा रहे थे कि शायद वह अब इस सीट को अलविदा कह देंगी। लेकिन अब उनकी वापसी ने समर्थकों में फिर से जोश भर दिया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पंचायत चुनाव के पहले स्मृति ईरानी की सक्रियता न केवल उनके समर्थकों के लिए फायदेमंद होगी, बल्कि इससे बीजेपी को भी आगामी विधानसभा चुनावों में मजबूती मिल सकती है।

स्मृति ईरानी का घर मेदन मवई गांव में स्थित है। उन्होंने 22 फरवरी 2024 को गृह प्रवेश के साथ वहां पूजा-अर्चना की थी और कहा था कि वे वहीं रहेंगी। हालांकि, पिछले एक साल से यह घर उनके नौकरों की देखरेख में है। पूजा-पाठ से लेकर घर की साफ-सफाई तक की जिम्मेदारी भी वही संभाल रहे हैं।

Also Read: UP BJP में बड़े फेरबदल की तैयारी, नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए ये नाम तय!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.