Siddharthnagar News: भारत-नेपाल सीमा से तस्कर गिरफ्तार, खाद्य सामग्री से भरा टेम्पो जब्त
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिले की लोटन थाना पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते नेपाल भेजी जा रही खाद्य पदार्थों की एक बड़ी खेप को रंगे हाथों पकड़ा है। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए सामान से लदे टेम्पो को भी अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने जब्त की गई भारी मात्रा में खाद्य सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए ककरहवा कस्टम कार्यालय को सौंप दिया है।
यह पूरी कार्रवाई भारत-नेपाल बॉर्डर पर पिलर संख्या 539 के नजदीक की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के सख्त निर्देशों के बाद, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद और क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान की देखरेख में लोटन थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम सीमाई इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध टेम्पो को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस टीम दंग रह गई। गाड़ी के भीतर गुपचुप तरीके से सरहद पार ले जाने के लिए भारी मात्रा में राशन छिपाकर रखा गया था।
तस्करी की खेप में चीनी, रिफाइंड और मैदा शामिल
टेम्पो की तलाशी के दौरान पुलिस ने 750 किलोग्राम (साढ़े 7 कुंतल) चीनी, 315 किलोग्राम मैदा, 60 किलोग्राम सोयाबीन, 19.2 किलोग्राम तिल का तेल और 107 किलोग्राम रिफाइंड तेल बरामद किया। इस अवैध धंधे में शामिल हरिवंशपुर के रहने वाले आरोपी दुर्गेश यादव (पुत्र रामवृक्ष यादव) को पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया। आरोपी के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम (कस्टम एक्ट) की धारा-11 के तहत कड़ी कार्रवाई की गई है। इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में हरिवंशपुर चौकी प्रभारी राहुल गुप्ता और उनकी पूरी पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: दिल्ली हाई कोर्ट से CJP को बड़ी राहत, अभिजीत दीपके का X अकाउंट अनब्लॉक

