लखनऊ में वन्य जीव तस्करी का पर्दाफाश, 20 विलुप्तप्राय कछुओं के साथ तस्कर गिरफ्तार

Lucknow News: एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने लखनऊ में वन्य जीवों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 20 इंडियन स्टार टारटॉइज कछुए बरामद किए हैं। ये कछुए वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत अनुसूची-1 में सूचीबद्ध हैं और विलुप्त होने की कगार पर हैं।

जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ को लंबे समय से वन्य जीवों और उनके अंगों की तस्करी करने वाले गिरोहों के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। इसी सूचना पर एसटीएफ लखनऊ की एक टीम जांच में जुटी हुई थी।

मंगलवार शाम को एसटीएफ को मुखबिर से जानकारी मिली कि निराला नगर के एक ऑफिस के पास एक व्यक्ति अवैध कछुए बेचने आया है। सूचना पर तुरंत वन विभाग की टीम को साथ लेकर एसटीएफ ने छापेमारी की। मौके से विशाल मिश्रा नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से 20 दुर्लभ कछुए, एक मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद हुई।

कोलकाता से मंगाकर नेपाल में करते थे तस्करी

पूछताछ में विशाल मिश्रा ने बताया कि वह इन कछुओं को कोलकाता से ट्रेन के पार्सल के जरिए मंगवाता था। इसके बाद वह इन्हें नेपाल और आसपास के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेच देता था। यह गिरोह लंबे समय से इस अवैध धंधे में लगा हुआ था। एसटीएफ ने आरोपी के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: यूपी STF ने पकड़ा बड़ा ड्रग रैकेट, ओडिशा से लाई गई 271 किलो गांजा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.