Bareilly News: अफीम के साथ तस्कर चढ़ा पुलिस के हत्थे

Bareilly News: उत्तर प्रदेश की बरेली पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भोजीपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग व गश्त के दौरान 206 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी अफीम बेचकर अपने घर का खर्च चलाता था और घटना के समय भी अफीम की डिलीवरी देने की फिराक में था।

थाना भोजीपुरा पुलिस को 8 अक्टूबर की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सैदपुर भूड़ा अंडरपास के पास शाहजहांपुर जाने वाले सर्विस रोड पर एक व्यक्ति अवैध अफीम लेकर खड़ा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 9 अक्टूबर तड़के घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 206 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।

पकड़े गए अभियुक्त की पहचान अनीस (30 वर्ष) पुत्र रहीश खां, निवासी ग्राम सैदपुर चुन्नीलाल, थाना भोजीपुरा, जिला बरेली के रूप में हुई है। आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसके खिलाफ थाना भोजीपुरा में धारा 115(2), 351(3), 352, 85 बीएनएस (BNS) के तहत मामला (मु.अ.सं. 511/24) दर्ज है। ताज़ा मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं. 820/2026 धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त अनीस ने बताया कि वह अफीम की तस्करी और बिक्री करके अपना तथा अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। वह शुक्रवार को भी अफीम बेचने की नीयत से ग्राहक का इंतजार कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह के कुशल नेतृत्व में गठित टीम में बिल्वा चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक पवन कुमार, हेड कांस्टेबल इदरीश तथा कांस्टेबल अंकित कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Bareilly News: भोजीपुरा पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ 2 शातिर वाहन चोरों को दबोचा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.