मुंबई पुलिस पर हमला कर फरार हुआ तस्कर प्रयागराज में गिरफ्तार, यूपी STF ने बिछाया जाल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुंबई के नवी मुंबई इलाके में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी में वांछित अपराधी मो. सुहैल को प्रयागराज के मऊआइमा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।

मुंबई से प्रयागराज तक ऐसे पहुंची पुलिस

नवी मुंबई के उलवा थाने में दर्ज एक गंभीर मुकदमे में मो. सुहैल मुख्य आरोपी था। मुंबई पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए यूपी एसटीएफ से मदद मांगी थी। जिसके बाद एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार सिंह के निर्देशन में एक टीम सक्रिय हुई। सूचना मिली कि सुहैल अपने एक दोस्त से मिलने प्रयागराज के मऊआइमा आने वाला है। मुखबिर की सटीक जानकारी पर निरीक्षक हेमंत भूषण सिंह की टीम ने घेराबंदी की और सुहैल को धर दबोचा।

क्या था पूरा मामला?

पूछताछ के दौरान सुहैल ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह मुंबई में बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों (Drugs) की तस्करी का काम करता है। कुछ समय पहले जब मुंबई पुलिस ने उसके ठिकाने पर छापेमारी (Raid) की थी, तो गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने और उसके साथियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया था। इस हमले के बाद वह गिरफ्तारी के डर से भागकर प्रयागराज आ गया था और यहाँ छिपकर रह रहा था।

गंभीर धाराओं में दर्ज है मुकदमा

सुहैल के खिलाफ नवी मुंबई के उलवा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। उस पर पुलिस के काम में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और अवैध हथियार रखने जैसे कई संगीन आरोप हैं।

अगली कार्यवाही

एसटीएफ ने आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से मुंबई पुलिस को उसकी ट्रांजिट रिमांड मिल गई है। अब मुंबई पुलिस की टीम उसे अपने साथ महाराष्ट्र ले जाएगी, जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।

Also Read: सिद्धार्थनगर में सजेगा खुशियों का मंडप: 14 फरवरी को एक साथ गूंजेंगे मंत्र, रीति-रिवाजों के साथ होंगे सात फेरे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.