सोलापुर में पेड़ से टकराई कार, 5 की मौत, उदयपुर में दो गाड़ियों की भिड़ंत में 4 युवकों ने गंवाई जान
Sandesh Wahak Digital Desk: वीकेंड पर देश के दो अलग-अलग राज्यों से सड़क हादसों की बेहद दुखद खबरें सामने आई हैं। महाराष्ट्र के सोलापुर में देवदर्शन के लिए जा रहे एक परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, वहीं राजस्थान के उदयपुर में दो कारों की भीषण टक्कर में चार किशोरों की जान चली गई।
पनवेल से अक्कलकोट जा रहे श्रद्धालुओं के साथ हादसा
सोलापुर-पुणे नेशनल हाईवे पर शनिवार रात करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराई। हादसा मोहोल के पास देवदरी पाटी के पास हुआ। कार में सवार सभी लोग पनवेल से अक्कलकोट स्वामी समर्थ के दर्शन के लिए जा रहे थे। इस टक्कर में 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस फिलहाल मृतकों की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, ड्राइवर के संतुलन खोने की वजह से यह हादसा हुआ।
पुराने अहमदाबाद हाईवे पर दो कारें आपस में भिड़ीं
उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में नेला तालाब के पास शनिवार तड़के एक और भीषण एक्सीडेंट हुआ। यहाँ पुराने अहमदाबाद हाईवे पर दो कारों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जिनकी उम्र महज 14 से 19 साल के बीच थी। इसके अलावा 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सवीना थानाधिकारी अजयराज सिंह के मुताबिक, मृतकों की पहचान मोहम्मद अयान (17), आदिल कुरैशी (14), शेर मोहम्मद (19) और गुलाम ख्वाजा (17) के रूप में हुई है। ये सभी उदयपुर के ही रहने वाले थे।

