संविदा कर्मचारियों की एकजुटता: नीरज चौधरी बने प्रदेश संयोजक, नियमितीकरण को लेकर शुरू होगा बड़ा अभियान

Sandesh Wahak Digital Desk :  उत्तर प्रदेश में संविदा कर्मचारियों के हक और अधिकारों की लड़ाई को नया नेतृत्व मिल गया है। संविदा कर्मचारी एकता संघ उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक रविवार को आलमबाग बस स्टेशन स्थित सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रदेशभर के क्षेत्रीय अध्यक्ष, मंत्री और प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए नीरज चौधरी (कार्यालय सहायक प्रथम, क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय, इटावा) को सर्वसम्मति से प्रदेश संयोजक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

पूरे प्रदेश में जागरूकता अभियान की तैयारी

नीरज चौधरी के निर्देशन में राज्यव्यापी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिससे संविदा कर्मियों को उनके अधिकारों की जानकारी दी जा सके। साथ ही संविदा कर्मचारियों को नियमित करने की मांग को लेकर शासन और प्रबंधन स्तर पर संवाद और दबाव की रणनीति पर भी चर्चा की गई।

बड़ी संख्या में जुटे संविदा कर्मचारी

इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों से आए संविदा कर्मचारियों ने बैठक में भाग लेकर अपनी एकता और संगठन के प्रति आस्था दिखाई। सभी ने एक स्वर में कहा कि अब वक्त आ गया है कि संविदा व्यवस्था की अस्थिरता को खत्म कर कर्मचारियों को स्थायी किया जाए।

संगठन ने जताई प्रतिबद्धता

संगठन के पदाधिकारियों ने दोहराया कि जब तक सभी संविदा कर्मियों को उनका वाजिब हक और सम्मान नहीं मिलता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सभी संविदा साथियों से आह्वान किया कि वे एकजुट रहें और इस आंदोलन को मजबूती प्रदान करें।

Also Read : इंडिगो फ्लाइट में बड़ा हादसा टला, टेकऑफ से पहले इंजन में लगी आग, पायलट…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.