गोंडा में डबल मर्डर: युवक ने पत्नी और ससुर को उतारा मौत के घाट, जमीन की वसीयत बनी वजह

Sandesh Wahak Digital Desk: गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र का राजापुर गांव सोमवार को एक भयानक डबल मर्डर की वारदात से दहल उठा। एक युवक ने जमीन की वसीयत को लेकर अपनी ससुराल जाकर अपनी पत्नी और ससुर की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

 

क्या है पूरा मामला?

राजापुर कुम्हारन पुरवा गांव के रहने वाले मंगल की बेटी संगीता की शादी उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के पवन से हुई थी। संगीता अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी और अपने पिता के साथ ही रहती थी। बताया जा रहा है कि मंगल ने अपनी पूरी संपत्ति अपनी बेटी और दामाद पवन के नाम कर दी थी। लेकिन, हाल ही में पवन और संगीता के बीच कुछ अनबन हो गई थी। इससे नाराज होकर मंगल ने पांच दिन पहले ही वसीयत से पवन का नाम हटा दिया था और पूरी संपत्ति सिर्फ संगीता के नाम कर दी थी।

 

मौत की वजह बनी वसीयत

इसी बात से नाराज होकर सोमवार की सुबह पवन अपनी ससुराल पहुंचा। वहां वसीयत को लेकर पवन और संगीता के बीच जोरदार बहस हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। गुस्साए पवन ने संगीता का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जब संगीता के पिता मंगल उसे बचाने आए, तो पवन ने उनका भी गला दबा दिया।

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि संगीता के शरीर पर बिजली का तार (केबल) लिपटा हुआ था, जिससे आशंका है कि उसकी मौत करंट लगने से हुई है। मंगल को तुरंत मेडिकल कॉलेज गोंडा भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी, राधेश्याम राय ने बताया कि ग्राम प्रधान की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी पवन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Also Read: यूपी में जातिगत रैलियों पर प्रतिबंध, अखिलेश यादव बोले- 5000 सालों का भेदभाव कैसे मिटेगा?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.