लखनऊ में रिटायर्ड IAS के बेटे ने किया सुसाइड, घर के फंदे पर लटका मिला शव
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां इंदिरा नगर में रहने वाले सूडा (SUDA) के प्रोजेक्ट मैनेजर और रिटायर्ड आईएएस अधिकारी मंगला प्रसाद मिश्र के बेटे सुधाकांत मिश्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से मानसिक अवसाद (डिप्रेशन) से ग्रसित थे और उनका इलाज भी चल रहा था।
घटना सोमवार रात की है, जब सुधाकांत मिश्र घर में अकेले थे। परिवार के अन्य सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। जब वे लौटे तो सुधाकांत को फंदे से लटका पाया, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुधाकांत मिश्र पिछले कई वर्षों से डिप्रेशन का इलाज करवा रहे थे। परिवार के अनुसार, वह मानसिक रूप से काफी परेशान थे, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेंगे।
घटना के समय सुधाकांत इंदिरा नगर सेक्टर बी स्थित अपने आवास पर अकेले थे। जैसे ही परिवार के लोग लौटे और उन्हें उस हालत में देखा, सभी के होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिस को बुलाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार से भी पूछताछ की जा रही है।
समाज के लिए एक गंभीर संकेत
यह घटना एक बार फिर यह सोचने को मजबूर करती है कि मानसिक स्वास्थ्य एक गंभीर विषय है, जिसे नज़रअंदाज नहीं किया जा सकता। डिप्रेशन जैसी मानसिक बीमारियों को समय पर समझना और उसके लिए सहारा देना बेहद ज़रूरी है। सुधाकांत जैसे पढ़े-लिखे, प्रतिष्ठित परिवारों के सदस्य भी अगर अवसाद से हार मान लेते हैं, तो यह पूरे समाज के लिए चेतावनी है।
Also Read: जमानत मिलते ही रोड शो और नारेबाजी पड़ी भारी, पुलिस ने फिर से भेजा जेल

